पेरिस : फ्रेंच ओपन 2026 में भारत के युकी भांबरी और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस की पुरुष युगल स्पर्धा में चुनौती समाप्त हो गई। रोलां गैरो में खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में इस इंडो-कीवी जोड़ी को सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा।
युकी भांबरी और माइकल वीनस की जोड़ी को पांचवीं वरीयता प्राप्त इटली के सिमोने बोलेली और आंद्रेआ वावासोरी की जोड़ी ने 6-3, 6-4 से पराजित किया। एक घंटे 20 मिनट तक चले इस मुकाबले में इटली की जोड़ी ने शुरू से अंत तक नियंत्रण बनाए रखा और तीसरे दौर में जगह बनाने में सफल रही।
ओलंपियन खिलाड़ी सिमोने बोलेली और आंद्रेआ वावासोरी ने पहले सेट के चौथे गेम में महत्वपूर्ण ब्रेक हासिल कर मुकाबले पर पकड़ बना ली। इसके बाद दूसरे सेट के सातवें गेम में भी उन्होंने सर्विस ब्रेक करते हुए अपनी बढ़त मजबूत की और सीधे सेटों में जीत दर्ज कर अगले दौर का टिकट कटाया।
हालांकि पुरुष युगल स्पर्धा से बाहर होने के बावजूद युकी भांबरी की फ्रेंच ओपन में उम्मीदें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। वह मिश्रित युगल वर्ग में अब भी मुकाबले में बने हुए हैं।
युकी भांबरी ने रूस की अलेक्जेंड्रा पानोवा के साथ मिलकर मिश्रित युगल स्पर्धा के पहले दौर में जीत हासिल की थी। अब दूसरे दौर में उनका सामना चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी डेसिराए क्रावचिक और नील स्कूप्स्की से होगा।
उधर, दिन के दूसरे मुकाबले में भारत के एन. श्रीराम बालाजी और ब्राजील के मार्सेलो डेमोलिनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष युगल के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
भारतीय-ब्राजीलियाई जोड़ी ने जर्मनी के मार्क वाल्नर और याकॉब शनाइटर की जोड़ी को 7-5, 6-2 से हराया। मुकाबले में बालाजी और डेमोलिनर ने शुरुआत से ही आत्मविश्वासपूर्ण खेल दिखाया।
पहले सेट के 11वें गेम में उन्होंने महत्वपूर्ण सर्विस ब्रेक हासिल किया और फिर अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने पूरी तरह दबदबा बना लिया।
उन्होंने पहले और सातवें गेम में जर्मन जोड़ी की सर्विस तोड़ते हुए लगातार बढ़त हासिल की और एक घंटे 27 मिनट में मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह बना ली।
फ्रेंच ओपन 2026 के एकल वर्ग में हालांकि भारत की कोई मौजूदगी नहीं है। भारतीय खिलाड़ी कर्मन कौर थांडी क्वालीफाइंग दौर की बाधा पार नहीं कर सकीं, जिसके कारण मुख्य ड्रॉ में कोई भी भारतीय खिलाड़ी एकल स्पर्धा में नहीं पहुंच पाया।