नई दिल्ली : भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने शनिवार को पुष्टि की कि स्टार पहलवान विनेश फोगाट एशियाई खेल 2026 के चयन ट्रायल्स में 53 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लेंगी। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जारी चयन ट्रायल्स के दौरान महासंघ ने यह जानकारी आधिकारिक बयान जारी कर दी।
डब्ल्यूएफआई ने अपने आधिकारिक वक्तव्य में कहा कि महिला 53 किलोग्राम वर्ग सहित सभी भार वर्गों का वजन माप (वेट-इन) निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इंदिरा गांधी स्टेडियम में संपन्न कराया गया।
विनेश फोगाट का वजन 53.9 किलोग्राम दर्ज किया गया और उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग के ड्रॉ में शामिल किया गया। हरियाणा की पहलवान और जुलाना से विधायक विनेश फोगाट का चयन ट्रायल्स में मुकाबला मीनाक्षी गोयत और अंतिम पंघाल से होगा। ट्रायल्स का विजेता इस वर्ष होने वाले महाद्वीपीय खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अदिति चौहान और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के एम.एम. सोमैया ट्रायल्स के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद हैं। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह भी ट्रायल्स की निगरानी के लिए स्टेडियम में उपस्थित हैं।
इससे पहले शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय ने विनेश फोगाट को अंतरिम राहत प्रदान करते हुए उनके चयन ट्रायल्स में भाग लेने का मार्ग प्रशस्त किया था। साथ ही अदालत ने डब्ल्यूएफआई द्वारा दायर उस याचिका पर विनेश फोगाट से जवाब भी मांगा है, जिसमें उनके ट्रायल्स में भाग लेने को चुनौती दी गई है। इस मामले की अगली सुनवाई 1 जून, सोमवार को निर्धारित की गई है।
22 मई को दिए गए अपने आदेश में दिल्ली उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया था कि विनेश फोगाट को 30 और 31 मई को आयोजित होने वाले चयन ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति दी जाए।
उच्च न्यायालय ने यह भी आदेश दिया था कि चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ट्रायल्स की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए और भारतीय खेल प्राधिकरण तथा भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा नियुक्त स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाए।
मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ ने यह निर्देश विनेश फोगाट द्वारा एकल पीठ के अंतरिम आदेश को चुनौती देने वाली अपील पर सुनवाई करते हुए जारी किए थे।
इससे पहले एकल पीठ ने उनकी लंबित रिट याचिका में अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था। विनेश फोगाट ने अपनी याचिका में डब्ल्यूएफआई की चयन नीति और उनके खिलाफ जारी कारण बताओ नोटिस को चुनौती दी थी।
अदालत ने अपने अवलोकन में कहा कि मातृत्व अवकाश के कारण विनेश फोगाट उन प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकीं, जिनके प्रदर्शन के आधार पर चयन नीति के तहत पात्रता तय की गई थी। इसी वजह से उन्हें चयन ट्रायल्स से बाहर रखा गया था।
नोटिस में इस घटना को “राष्ट्रीय शर्मिंदगी” बताए जाने पर अदालत ने इसे “निंदनीय” करार दिया और कहा कि ये टिप्पणियां प्रतिशोधात्मक तथा पूर्व नियोजित प्रतीत होती हैं, खासकर तब जब खेल पंचाट न्यायालय पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि इस मामले में विनेश फोगाट की कोई गलती नहीं थी।