हमीरपुर (उत्तर प्रदेश): हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार सरकारी निर्माण कार्य में लापरवाही और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। राज्य सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक दिलीप कुमार की शिकायत पर शुक्रवार रात कुरारा थाने में निर्माण एजेंसी के मालिक पवन प्रताप सिंह और ठेकेदार नितीश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
इस घटना को लेकर पहले ही एक सहायक अभियंता को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। जानकारी के मुताबिक 28 और 29 मई की दरम्यानी रात करीब तीन बजे तेज आंधी के दौरान हमीरपुर मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर परसानी और कंदौर गांवों के बीच निर्माणाधीन पुल का एक स्लैब अचानक ढह गया। उस समय पुल निर्माण में लगे कई मजदूर स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे, जिसके कारण वे हादसे की चपेट में आ गए।
ललपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि दुर्घटनास्थल से मलबा पूरी तरह हटा दिया गया है और अब वहां कोई व्यक्ति फंसा नहीं है। हादसे की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट आने तक पुल के दोनों ओर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। परियोजना से जुड़े सभी मजदूर अपने-अपने घर लौट चुके हैं। मृतकों में चार मजदूर पड़ोसी बांदा जिले तथा दो हमीरपुर जिले के निवासी थे। पुलिस ने सभी शव परिजनों को सौंप दिए हैं। हमीरपुर निवासी पुष्पेंद्र और राजेश पाल का अंतिम संस्कार शनिवार को पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कराया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।