उत्तर हावड़ा के भाजपा विधायक उमेश राय को शुरुआत से ही पार्टी के एकनिष्ठ कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता था। भाजपा के बुरे वक्त में भी उन्होंने पार्टी का साथ नहीं छोड़ा था। वामफ्रंट के शासन काल से ही हावड़ा में भाजपा के 'पोस्टर ब्वॉय' के रूप में उमेश राय का नाम हर किसी की जुबान पर रहता था।
संभवतः पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा ने ही उन्हें अब एक नए मुकाम पर पहुंचाया और राज्य के मंत्री की गद्दी दिलायी।
सोमवार (1 जून) को शुभेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ जिसमें उन्होंने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण किया। हालांकि अभी तक उनके विभाग के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
हावड़ा जिला से वह एकलौते हैं जिन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिली है। लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए जाने से पहले उन्होंने कालीघाट और नीमतला में भूतनाथ मंदिर में पूजा भी की।
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद शाम को जब उमेश राय अपने विधानसभा केंद्र में लौटे तो उनके समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। उनके समर्थकों ने उत्तर हावड़ा और सालकिया के कई क्षेत्रों में मिठाईयां बांटी। बैंड पार्टी, फूलों की माला और अंगवस्त्र पहनाकर राज्यमंत्री उमेश राय का स्वागत किया गया।
Read Also | बंगाल मंत्रिमंडल का विस्तार : अर्जुन सिंह, उमेश राय, शंकर घोष ने ली मंत्री पद की शपथ
सोमवार (1 जून) की रात को उत्तर हावड़ा के घासबागान में एक धार्मिक कार्यक्रम में भी वह शामिल हुए। राजनैतिक जानकार हमेशा से ही उमेश राय को एक लड़ाकू नेता के तौर पर चिह्नित करते है। इससे पहले भी उन्होंने भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन जीत नहीं सकें थे।
साल 2016 में जब उन्हें टिकट नहीं दिया गया तो पार्टी में ही सवाल खड़े हो गए थे। हालांकि दूसरे नेताओं की तरह उन्होंने पार्टी बदलने के बारे में कभी नहीं सोचा। पार्टी के पुराने कार्यकर्ता के तौर पर ही उन्हें मंत्रीपद का इनाम मिला है।
हावड़ा का विकास, हिंदी भाषियों के नया कॉलेज और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं
एई समय ऑनलाइन से हुई बातचीत में उमेश राय ने कहा कि पार्टी ने पहले मुझे विधायक बनाकर राजा बनाया और मुख्यमंत्री ने मुझे महाराज बना दिया। यह मेरे लिए बोनस है। नई जिम्मेदारियों के साथ हावड़ा के विकास को लेकर भी उन्होंने कई योजनाएं बनानी शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना हावड़ा को साफ-सुथरा बनाना है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सड़कों, निकासी व्यवस्था और पेयजल की व्यवस्था के विकास के लिए डीपीआर बनाया जा रहा है। हावड़ा का जिला अस्पताल अब सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल बनेगा।
सत्यबाला आईडी अस्पताल और टीएम जायसवाल अस्पताल का भी आधुनिकिकरण होगा। साथ ही उन्होंने बताया कि हावड़ा के हिंदी भाषी छात्र-छात्राओं के लिए एक कॉलेज बनाने की भी योजना है।
उमेश राय ने कहा कि हावड़ा नगर पालिका का चुनाव इस साल नवंबर तक करवाने के लिए वह खुद पहल करेंगे। मंत्रिमंडल की बैठकों में हावड़ा शिल्पांचल की समस्याओं के बारे में भी चर्चा करेंगे ताकि हावड़ा का खोया गौरव वापस लौटाया जा सकें।
पति उमेश राय की इस उपलब्धि पर पत्नी गीता राय ने कहा कि अब तक वह भाजपा के लिए लड़ते आ रहे थे। आज इसका ही इनाम उन्हें मिला।