अमेरिका में एक बार फिर से अचानक गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में एक ही परिवार के 6 सदस्यों के साथ-साथ हमलावर खुद भी मारा गया है। पुलिस ने बताया है कि गोलीबारी करने के बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली।
यह घटना अमेरिका के आयोवा राज्य के मस्कटाइन शहर में हुई। सभी शवों को शहर के अलग-अलग हिस्सों से बरामद किया गया। इस घटना के बाद से पूर्वी आयोवा में मिसिसिपी नदी के किनारे बसे मस्कटाइन शहर के निवासी काफी दहशत में हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रयान विलिस मैकफारलैंड (52) ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस का मानना है कि यह संदिग्ध वही व्यक्ति है जिसने 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।
बताया जाता है कि मारे गए सभी लोग उसके परिवार के सदस्य थे। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को संदेह है कि यह घटना किसी पारिवारिक विवाद के कारण घटित हो सकती है।
Read Also | लेबनान के ब्यूफोर्ट दुर्ग पर इजरायल का कब्जा, डोनाल्ड ट्रंप ने की पुष्टि
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना स्थानीय समयानुसार सोमवार (1 जून) की दोपहर को घटी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी सबसे पहले एक घर पर पहुंचे। वहां पुलिस अधिकारियों ने घर के अंदर से चार लोग को गोली लगने की वजह से घायल अवस्था में बरामद किया।
बाद में चारों को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने मस्कटाइन के निवासी रयान विलिस मैकफारलैंड को संदिग्ध शूटर के रूप में पहचाना। हालांकि पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही मैकफारलैंड घटनास्थल से फरार हो चुका था। बाद में एक अन्य घर और एक स्थानीय व्यावसायिक प्रतिष्ठान से भी दो लोगों की गोली लगा शव बरामद किया।
मस्कटाइन पुलिस प्रमुख एंथनी कीस ने बताया कि मैकफारलैंड की पहचान हमलावर के तौर पर होने के तुरंत बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी। उसे मिसिसिपी नदी के किनारे पाया गया।
Read Also | एवरेस्ट पर मौत के बाद शुरू होती है जंग! शव उतारना क्यों है करोड़ों का मिशन? जानिए रेस्क्यू की चुनौतियां!
पुलिस प्रमुख ने आगे बताया कि जब रयान विलिस मैकफारलैंड से बात कर रहे थे तभी उसने अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने यह भी बताया कि अधिकारियों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। उसका शव नदी के किनारे से बरामद किया गया।
अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे यह साबित होता है कि 6 लोगों की गोलीबारी की घटना में मैकफारलैंड शामिल था। अधिकारियों का अनुमान है कि गोलीबारी में मारे गए सभी लोग मैकफारलैंड के रिश्तेदार थे।
एंथनी काइज ने यह भी बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि यह हिंसा एक पारिवारिक विवाद के कारण हुई थी। अधिकारियों ने अभी तक पीड़ितों की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच अभी भी जारी है।