🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कोलकाता के लेक टाउन से हटायी गयी मेसी की 70 फुट ऊंची मूर्ति, तेज हवाओं के झोंके से गिरने का था खतरा

तेज आंधी और हवा के झोंके से लियोनेल मेसी की मूर्ति अपनी जगह पर हिलने लगती थी और इसके उखड़कर गिरने का खतरा भी बढ़ गया था।

By Moumita Bhattacharya

Jun 01, 2026 16:53 IST

कोलकाता के लेक टाउन में लगायी गयी अर्जेंटीना के फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची प्रतिमा को हटा दिया गया। इसे सोमवार (1 जून) को PWD विभाग ने हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से अपनी जगह से हटाकर ट्रक पर लोड करके स्थानांतरित किया।

बताया जाता है कि तेज आंधी और हवा के झोंके से यह मूर्ति अपनी जगह पर हिलने लगती थी और इसके उखड़कर गिरने का खतरा भी बढ़ गया था।

मीडिया रिपोर्ट की मानें तो प्रशासन इस मूर्ति को बिना तोड़े-फोड़े अथवा नुकसान पहुंचाए बिना ही अपनी जगह से हटाना चाहती थी जो प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती भी बन गया था।

लगभग दो मंजिला ऊंचे प्लेटफार्म पर रखी यह मूर्ति स्थानीय लोगों के भावनाओं के साथ जुड़ी हुई थी। बताया जाता है कि विशेषज्ञों की मदद से ही इस मूर्ति को हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से अपनी जगह से हटाया गया।

बताया जाता है कि तेज हवा में मूर्ति के हिलने की खबरों के सामने आने के बाद मूर्ति के पीछे वाले रास्ते के साथ-साथ पास वाले मैदान में आम लोगों के प्रवेश को बंद कर दिया गया था। अतिरिक्त सुरक्षा बरतते हुए इस मूर्ति को मोटी रस्सियों से भी बांध दिया गया था।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ठेकेदार ने जांच के बाद बताया था कि मूर्ति की नींव के बोल्ट में खराबी आ गयी है। उसने चेतावनी दी थी कि मूर्ति कभी गिर सकती है। इसके बाद ही मूर्ति को यहां से हटाने का फैसला लिया गया।

Read Also | बंगाल मंत्रिमंडल का विस्तार : अर्जुन सिंह, उमेश राय, शंकर घोष ने ली मंत्री पद की शपथ

मूर्ति को कहां स्थापित की जाएगी इस बारे में अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं मिली है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि मूर्ति को इको पार्क (Eco Park) में रखा जा सकता है। साथ ही भविष्य में मूर्ति के नीचे के प्लेटफार्म की ऊंचाई को कम कर फिर से उसी स्थान पर मूर्ति को स्थापित किया जा सकता है।

गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में जब लियोनेल मेसी GOAT इंडिया टूर की शुरुआत के करने के लिए कोलकाता आए थे, उसी समय लेक टाउन में इस मूर्ति का उन्होंने वर्चुअली उद्घाटन किया था। चूंकि मेसी ने खुद इस मूर्ति का उद्घाटन किया था, इसलिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी यह मूर्ति काफी चर्चित हुई थी। साथ ही फुटबॉल स्टार मेसी की यह मूर्ति स्थानीय लोगों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

Articles you may like: