चेन्नई : शनिवार रात को कुछ युवाओं का एक समूह बार में गया था और पूरी रात वहीं बिताई। रविवार तड़के वे बाहर निकले। इसके बाद 18 वर्षीय युवती यांसि अपनी सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। यह घटना तमिलनाडु के चेन्नई स्थित कोयम्बेडु क्षेत्र की बताई जा रही है।
सूचना के अनुसार, यांसि अपने दोस्तों के साथ एक बार में गई थी, जहां किसी बात को लेकर दूसरे समूह के युवकों से विवाद हो गया। वहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसे बाउंसरों ने शांत कराया और स्थिति सामान्य हो गई।
इसके बाद सभी ने रात बार में ही बिताई और रविवार सुबह वहां से निकल गए। कुछ समय बाद जब यांसि अपनी सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी तभी रास्ते में वही युवक समूह फिर से सामने आ गया जो एक कार में सवार था।
आरोप है कि दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर विवाद फिर भड़क गया और कार में सवार युवकों ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों लड़कियां सड़क पर गिर गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने यांसि को मृत घोषित कर दिया। उसकी 17 वर्षीय सहेली गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान बालमुरुगन, जोशुआ और किशोर कुमार के रूप में हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने जांच के दौरान यह भी कार्रवाई की है कि घटना में शामिल बार में नाबालिगों को प्रवेश दिया गया था, जिसके कारण उस बार को सील कर दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दो समूहों के बीच हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।