🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

नीति घाटी में शुरू हुई ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’, 28 राज्यों के 933 धावकों ने लिया हिस्सा

75 किमी और 42 किमी अल्ट्रा रन में धावकों ने दिखाई दमदार चुनौती, 5 किमी, 10 किमी और हाफ मैराथन प्रतियोगिताएं भी होंगी आयोजित।

By शिखा सिंह

May 31, 2026 19:22 IST

चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले की प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में रविवार को तीन दिवसीय ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सहयोग से आयोजित इस विशेष प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों से कुल 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान को देश के दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है।

भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सीमा से जुड़े गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही देश की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सीमांत गांवों को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी मार्ग पर आयोजित 75 किलोमीटर लंबी अल्ट्रा रन में 117 धावकों ने भाग लिया। इसके अलावा मलारी-नीति-मलारी मार्ग पर आयोजित 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने अपनी चुनौतीपूर्ण दौड़ पूरी की।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर हाफ मैराथन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इस खेल महोत्सव का समापन गमसाली और मलारी के बीच आयोजित होने वाली 30 किलोमीटर लंबी एमटीबी (माउंटेन बाइक) चैलेंज प्रतियोगिता के साथ होगा।

मुख्य प्रतियोगिता से पहले शनिवार रात पर्यटन विभाग की ओर से मलारी गांव में एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

प्रतिभागियों और स्थानीय ग्रामीणों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया और देर रात तक उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। इस आयोजन ने खेल, पर्यटन और स्थानीय संस्कृति के अद्भुत संगम को प्रदर्शित करते हुए नीति घाटी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

Articles you may like: