नई दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के मेहरौली में इमारत गिरने से बड़ा हादसा, मृतकों की संख्या बढ़कर चार हुई, राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के दक्षिण दिल्ली स्थित मेहरौली थाना क्षेत्र में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास 30 मई को हुई इमारत ढहने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस ने रविवार को इसकी पुष्टि की। हादसे के बाद से मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार इस घटना में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राहत एवं बचाव दल अभी भी मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश और उन्हें निकालने में जुटे हुए हैं।
पुलिस ने इस मामले में मेहरौली थाने में लापरवाही से मृत्यु (कपेबुल होमिसाइड) का मामला दर्ज किया है। पूरी जांच दक्षिण जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत की जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि अवैध रूप से बने सभी भवनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को भी जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा ऐसी सभी अवैध इमारतों पर कार्रवाई की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सैदुलाजाब स्थित दुर्घटना स्थल का दौरा किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रशासनिक निर्देशों के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए मेहरौली थाने में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है और दक्षिण जिले के जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि आसपास की जर्जर और खतरनाक इमारतों की जांच कर उन्हें हटाने या कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। घटनास्थल पर बचाव कार्य के दौरान दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।
डीसीपी ने बताया कि इमारत गिरने के बाद करीब नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और कई एंबुलेंस को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान अभी भी जारी है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।