🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पटना में LPG सिलेंडर डिलीवरी बॉय की गोली मारकर हत्या, मची अफरा-तफरी

एलपीजी गैस डिलीवरी बॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उस पर बदमाशों ने सुनसान इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से उसकी मौत हो गई।

By लखन भारती

Jun 01, 2026 16:17 IST

पटनाः बिहार की राजधानी पटना में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे। रविवार की रात एक युवक की हत्या कर दी गई। उस पर अनजान बदमाशों ने 3 फायर किए। गंभीर रूप से घायल होने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि वह एलपीजी गैसे सिलेंडर की डिलीवरी का काम करता था। पुलिस हत्या के कारणों को पता लगाने में जुटी।

मामला दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज बिस्कुट फैक्ट्री रोड स्थित तक्षशिला कॉलोनी के पास का है। जहां रविवार देर रात अपराधियों ने एक गैस वेंडर की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार दो बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के रूनीसैदपुर थाना क्षेत्र के बनसपति गांव निवासी इंदल साव (30) के रूप में हुई है, जो दानापुर के गोला रोड स्थित बैंक कॉलोनी में रहकर गैस डिलीवरी का काम करता था।

तीन गोलियां मारी गईं।

परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे इंदल अपनी दुकान के पास बैठा था। इसी दौरान उसका एक परिचित दोस्त बाइक से आया और उसे अपने साथ लेकर चला गया। करीब एक घंटे बाद फोन पर उसकी आखिरी बार बात हुई। इसके कुछ देर बाद तक्षशिला कॉलोनी के पास अपराधियों ने उसे तीन गोलियां मार दीं। एक गोली सीने में, दूसरी पसली के पास और तीसरी हाथ में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जांच में जुटी पुलिस

घटना स्थल से पुलिस ने एक मोबाइल फोन और गोली का एक खोखा बरामद किया। इस हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान को लेकर जांच जारी है। पुलिस मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Articles you may like: