अहमदाबाद: आईपीएल 2026 के खिताबी महामुकाबले में थोड़ी ही देर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैदान पर उतरने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के लिए दुनिया भर से दुआएं और संदेश आ रहे हैं। इसी बीच, आरसीबी के पूर्व मालिक विजय माल्या ने भी सोशल मीडिया पर टीम के लिए एक बेहद खास और जोश से भरा संदेश साझा किया है, जिसने बेंगलुरु के फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। आरसीबी को हमेशा अपनी पसंदीदा टीम मानने वाले माल्या भले ही लंबे समय से टीम के मैनेजमेंट से दूर हैं, लेकिन उनका दिल आज भी बेंगलुरु के इन्हीं रेड एंड बोल्ड शेरों के लिए धड़कता है।
विजय माल्या का सोशल मीडिया पोस्ट
विजया माल्या ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर आरसीबी के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए लिखा, 'आरसीबी-नम्मा डोड्डा सिम्हागलु (हमारे बड़े शेर) गौरव हासिल करने की दिशा में यह आपका आखिरी कदम है, जिसे आप पहले ही पा चुके हैं। बेंगलुरु के हमारे शेरों ने आईपीएल के फाइनल में पहुंचने के लिए बहुत कड़ी लड़ाई लड़ी है। अब ट्रॉफी को अपने नाम करने के लिए बस एक बार और प्ले बोल्ड का नारा बुलंद करने की जरूरत है। आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं, भगवान आपका भला करे और बेंगलुरु के शेरों की तरह इस बार पहले से भी कहीं ज्यादा तेज दहाड़ो।' माल्या ने अपने इस संदेश में कन्नड़ भाषा के शब्द नम्मा डोड्डा सिम्हागलु का इस्तेमाल कर स्थानीय फैंस से जुड़ने की कोशिश की है, जिसका मतलब बेंगलुरु के बड़े शेर होता है।
पिछले साल खत्म हुआ था ट्रॉफी का सूखा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आईपीएल के शुरुआती सालों में तीन बार फाइनल (2009, 2011 और 2016) में पहुंची थी, लेकिन तीनों ही बार उपविजेता बनकर रह गई थी। इसके बाद पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने आखिरकार पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला ऐतिहासिक खिताब जीता था। आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आरसीबी के पास लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीतकर इतिहास रचने का मौका है। विजय माल्या का यह पोस्ट ठीक मैच से पहले आया है, जो टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली और मौजूदा कप्तान रजत पाटीदार की सेना में एक नई ऊर्जा फूंकने का काम करेगा।