नई दिल्ली: रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीत लिया है। पाटीदार को 2025 सीजन से पहले ही टीम का कप्तान बनाया गया था। उन्होंने अपने पहले दोनों सीजन टीम को चैंपियन बना दिया। मैच के बाद रजत पाटीदार ने अपनी पत्नी गुंजन पाटीदार के साथ हाथ में ट्रॉफी लेकर पोज दिया। गुंजन आईपीएल सीजन शुरू होने से पहले ही मां बनी थीं।
चकाचौंध से दूर रहती हैं रजत पाटीदार की पत्नी
रजत पाटीदार भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं। लगातार दो सीजन आईपीएल ट्रॉफी जीती है लेकिन उनकी पत्नी गुंजन चकाचौंध से दूर रहती हैं। रजत के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी उनकी पत्नी के गिने चुने फोटो ही हैं। आईपीएल मैच के दौरान भी उन्हें काफी कम देखा जाता है। लेकिन जब आरसीबी ने खिताब जीता तो गुंजन मैदान पर आईं और हाथ में ट्रॉफी लेकर पति के साथ फोटोशूट करवाया।
पत्नी का कामयाबी में बड़ा हाथ
रजत पाटीदार की कामयाबी में उनकी पत्नी गुंजन का बड़ा हाथ है। आईपीएल 2022 के ऑक्शन में रजत पाटीदार अनसोल्ड थे। सीजन के बीच में उन्होंने शादी करने का फैसला किया। शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी। इस बीच पाटीदार को आरसीबी से रिप्लेसमेंट के लिए बुलावा आया। वह इसके लिए तैयार नहीं थे लेकिन गुंजन की वजह से पाटीदार को जाना पड़ा। उन्हें अपनी शादी टालनी पड़ी। रजत आरसीबी की टीम के साथ जुड़ गए।
एलिमिनेटर में शतक ठोका था
2022 सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में रजत पाटीदार ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 54 गेंदों पर 112 रनों की पारी खेली। इस पारी ने सब कुछ बदल दिया। 2024 सीजन में उन्होंने 395 रन बनाए। 2025 सीजन से पहले आरसीबी ने भरोसा जताते हुए रजत पाटीदार को अपना कप्तान बनाया। टीम शुरुआती 17 सीजन खाली हाथ थी लेकिन पाटीदार ने टीम को लगातार दो सीजन में दो बार चैंपियन बना दिया।