🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विश्व योगासन चैंपियनशिप में भाग लेने भारत पहुंचेगा अमेरिकी दल, अहमदाबाद में 4 से 8 जून तक होगा आयोजन

युवा और वरिष्ठ वर्ग में मुकाबला करेंगे 10 से 55 वर्ष आयु के खिलाड़ी।

By शिखा सिंह

Jun 02, 2026 11:38 IST

न्यूयॉर्क : अमेरिका के योगासन खिलाड़ियों का एक दल भारत में आयोजित होने वाली पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हो रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 4 से 8 जून तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित की जाएगी।

योगा एसोसिएशन यूएसए द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यूनाइटेड स्टेट्स योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन (यूएसवाईएसएफ), यूनाइटेड स्टेट्स योगा एसोसिएशन (यूएसवाईए) और वर्ल्ड योगासन के सहयोग से इस प्रतियोगिता के लिए आधिकारिक अमेरिकी टीम की घोषणा की गई है।

योगा एसोसिएशन यूएसए और यूएसवाईएसएफ के संस्थापक एवं अध्यक्ष बलविंदर सिंह 11 सदस्यीय अमेरिकी दल का नेतृत्व करेंगे। यह टीम अप्रैल में कनेक्टिकट में आयोजित क्वार्टर फाइनल चयन ट्रायल के आधार पर चुनी गई है। भारत आने वाली इस टीम में शामिल खिलाड़ी युवा और वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। टीम के प्रतिभागियों की आयु 10 वर्ष से लेकर 55 वर्ष तक है।

भारत रवाना होने से पहले अमेरिकी योगासन टीम के सदस्यों ने पिछले सप्ताह न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास का दौरा किया और उप महावाणिज्यदूत विशाल हर्ष से मुलाकात की। इस अवसर पर भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस प्रतियोगिता में 60 से अधिक देशों के खिलाड़ी, अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसका उद्देश्य योगासन को वैश्विक स्तर पर एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित करना, अंतरराष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करना है।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी योगासन की सात आधिकारिक श्रेणियों में हिस्सा लेंगे। इनमें कलात्मक (आर्टिस्टिक) और लयबद्ध (रिदमिक) योग की प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं। प्रतिभागियों का मूल्यांकन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शक्ति, लचीलापन, संतुलन, सहनशक्ति और सटीकता के आधार पर किया जाएगा।

यूएसवाईएसएफ के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल की सदस्य और प्रमाणित योग प्रशिक्षक प्रीति धारिवाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है। योग अपने भीतर शांति खोजने और अंदर से खुशी प्राप्त करने का माध्यम है।

प्रीति धारिवाल पिछले दो दशकों से अधिक समय से न्यू जर्सी के बर्गेन काउंटी में वरिष्ठ नागरिकों को योग, ध्यान और लाफ्टर योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ बनाने का कार्य कर रही हैं। उनके विद्यार्थियों में बर्नीस भी शामिल हैं, जिन्होंने मई महीने में अपना 106वां जन्मदिन मनाया। वह आज भी सप्ताह में दो बार चेयर योग और ध्यान का अभ्यास करती हैं। प्रीति की एक अन्य छात्रा नोर्मा एडम्स जल्द ही 92 वर्ष की होने वाली हैं। वह पिछले आठ वर्षों से नियमित रूप से मैट पर योगाभ्यास कर रही हैं।

विश्व योगासन चैंपियनशिप को योग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण वैश्विक पहल माना जा रहा है, जो विभिन्न देशों के खिलाड़ियों को एक साझा मंच पर लाकर प्रतिस्पर्धा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक संवाद को नई दिशा प्रदान करेगी।

Articles you may like: