अलवर (राजस्थान) : देश में साइबर ठगी के गढ़ के रूप में बदनाम हो चुके अलवर जिले में राजस्थान पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक बड़ा और निर्णायक युद्ध छेड़ दिया है। पिछले दो महीनों के भीतर अलवर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर न केवल साइबर ठगों के नेटवर्क को ध्वस्त किया, बल्कि डिजिटल अपराध की रीढ़ माने जाने वाले बैंक खातों और सिम कार्ड के सिंडिकेट पर भी करारा प्रहार किया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में करीब 150 से अधिक आरोपियों और बाल अपचारियों को कानून के शिकंजे में लिया है।
'ऑपरेशन म्यूल हंटर' से मचा हड़कंप
पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर चौधरी ने बताया कि जिले में पैर पसार चुके ऑनलाइन फ्रॉड, सेक्सटर्शन, ओएलएक्स ठगी, फर्जी एटीएम और फर्जी सिम के कारोबार को रोकने के लिए 'ऑपरेशन म्यूल हंटर' और 'साइबर संग्राम 2.0' चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि म्यूल अकाउंट के तहत 1530 संदिग्ध खातों को चेक कर कमीशन पर खाता उपलब्ध कराने वाले लोगों पर कार्रवाई करते हुए 65 लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही आरोपियों से 31 मोबाइल मय 34 सिम, तीन पासबुक, एक चेक बुक, 1एटीएम बरामद किया है।
पुलिस ने 107 प्रकरण दर्ज कर 90 आरोपियों को गिरफ्तार किया व घटनाओं में लिप्त 10 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है। वहीं म्यूल हंटर अभियान के तहत पुलिस ने 1530 संदिग्ध खातों को चेक कर साइबर ठगों को कमीशन पर खाता उपलब्ध कराने के 81 प्रकरण दर्ज कर 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया व 1 बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। अलवर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर ठगी पर लगाम लगाने के लिए अलवर पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक चौधरी ने बताया जिले में साइबर ठगी के हॉटस्पॉट क्षेत्र पर संदिग्ध मोबाइल की जांच में 21 प्रकरण दर्ज कर 22 आरोपियों को गिरफ्तार व 9 बाल अपचारी को निरुद्ध किया। उन्होंने बताया कि मौके से 46 मोबाइल व आईएमआई, 54 सिम, एक मोटरसाइकिल, एक एटीएम व 10 हजार रूपए बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में पोर्टल से मिले चेक विड्रोल लोकेशन के मामलों में दो मामले दर्ज कर एक आरोपियों गिरफ्तार किया गया है। जिसके पास से एक मोबाइल मय दो सिम बरामद की गई। उन्होंने बताया कि पोर्टल से मिले संदिग्ध एटीएम विड्रोल लोकेशन में तीन प्रकरण दर्ज किए गए और 2 आरोपियों की गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से दो मोबाइल व एक सिम बरामद की गई।
दूसरे राज्यों की पुलिस को सौंपे अपराधी
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अलवर पुलिस ने 7 साइबर अपराधियों को दस्तयाब कर दिल्ली पुलिस, मध्य प्रदेश पुलिस, मेघालय पुलिस, गुजरात पुलिस को सुपुर्द किया। उन्होंने बताया कि लगातार अलवर पुलिस की ओर से साइबर ठगो पर कार्रवाई की जा रही है।