🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

जयपुर में बीजेपी नेता की हत्‍या, खून से लथपथ कबाड़ गोदाम में म‍िले

बीजेपी नेता की हत्‍या पर लोगों में आक्रोश है। पर‍िजनों ने आरोप‍ियों की ग‍िरफ्तारी के ल‍िए थाने पर धरने पर बैठ गए।

By लखन भारती

Jun 02, 2026 11:57 IST

जयपुरः जयपुर ग्रामीण के मनोहरपुर कस्बे में भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष रामवतार असवाल उर्फ पप्पू की निर्मम हत्या हो गई। सोमवार देर रात रामवतार असवाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में मनोहरपुर बस स्टैंड के समीप स्थित कबाड़ गोदाम में मिले। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से रामवतार असवाल का गला काट दिया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही भारी मात्रा में खून फैला था, और गला किसी धारदार हथियार से कटा हुआ था। पुलिस ने तत्काल घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए निम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्षेत्र में शोक और आक्राेश

मृतक रामवतार असवाल उर्फ पप्पू भारतीय जनता पार्टी के मनोहरपुर अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष थे, और स्थानीय स्तर पर सक्रिय राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात करीब 12:30 बजे एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

थाने पर दिया धरना

पुलिस ने गोदाम और आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर हत्यारों की तलाश की जा रही है. हत्या से नाराज परिजन और ग्रामीण मनोहरपुर थाने पहुंच गए, और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. ग्रामीणों ने मामले के शीघ्र खुलासे और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस का कहना है कि हत्या के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस कई एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। मनोहरपुर में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

Articles you may like: