गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सिक्किम राज्य की 50वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे। इस दौरान उन्हें गंगटोक में बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते हुए देखा गया। उन्होंने नीले रंग की जैकेट और ट्रैकसूट पैंट पहनी हुई थी साथ ही नीले रंग के स्पोर्ट्स जूते भी पहने थे। उनका यह अंदाज खिलाड़ियों की बजाय एक कोच जैसा अधिक प्रतीत हो रहा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बंगाल में चुनाव प्रचार समाप्त करने के बाद शाम को ही सिक्किम पहुंच गए थे। गंगटोक के लिबिंग हेलीपैड पर उतरने के बाद उन्होंने लोक भवन तक रोड शो भी किया। मंगलवार सुबह गंगटोक में उन्हें बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते हुए देखा गया। प्रधानमंत्री ने स्वयं अपने सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम की तस्वीरें साझा कीं और लिखा कि गंगटोक की एक सुंदर सुबह में युवा मित्रों के साथ फुटबॉल खेलना एक अलग ही अनुभव था और यह सत्र अत्यंत उत्साहवर्धक रहा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार गंगटोक में प्रधानमंत्री के कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। उन्होंने सिक्किम के पद्म सम्मान प्राप्तकर्ताओं से मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठित राज्य के प्रतिभाशाली व्यक्तियों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनकी उपलब्धियों की कहानियां सुनीं और राज्य की संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण में उनके योगदान की सराहना की। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम राज्य की 50वीं वर्षगांठ के समारोह में भाग लेने के लिए वहां गए हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार सिक्किम में लगभग 4,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन भी उनके द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।