नई दिल्लीः भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में इस सप्ताह एक महत्वपूर्ण कदम उठने जा रहा है। अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर नई दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अन्य वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे। इन चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं को आगे बढ़ाना और लंबित मुद्दों पर सहमति बनाना है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वार्ता का केंद्र भारत-अमेरिका संयुक्त वक्तव्य और प्रस्तावित अंतरिम समझौता रहेगा। यह प्रक्रिया व्यापक द्विपक्षीय व्यापार वार्ताओं का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 13 फरवरी 2025 को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर हुई थी।
ग्रीर की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब हाल ही में फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात में व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया था। दोनों नेताओं ने अधिकारियों को बातचीत में तेजी लाने के निर्देश भी दिए थे।
इस बीच, भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पिछले सप्ताह संकेत दिया था कि अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौता अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जी-7 सम्मेलन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि दोनों देशों ने वार्ता में उल्लेखनीय प्रगति की है और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बन चुकी है।
विक्रम मिसरी ने यह भी बताया था कि जैमिसन ग्रीर की भारत यात्रा व्यापार वार्ताओं को निर्णायक मोड़ देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई हालिया चर्चा में यह विषय प्रमुख एजेंडा में शामिल रहा और समझौते को शीघ्र निष्कर्ष तक पहुंचाने पर सहमति बनी।
भारत दौरे के बाद जैमिसन ग्रीर उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद जाएंगे। वहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव, राष्ट्रपति प्रशासन की प्रमुख साइदा मिर्जियोयेवा और उपप्रधानमंत्री जमशिद खोदजायेव से होगी। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के अनुसार, इन बैठकों में भी अमेरिका के साथ निष्पक्ष, संतुलित और पारस्परिक लाभकारी व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की जाएगी।
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते को दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई गति देने वाला कदम माना जा रहा है। ऐसे में जैमिसन ग्रीर की यह यात्रा व्यापार वार्ताओं के अगले चरण के लिए अहम साबित हो सकती है।