🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

AI में निवेश की रफ्तार तेज लेकिन यह अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती भी

जेफरीज रिपोर्ट में के मुताबिक महंगाई और ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं। AI निवेश से कॉर्पोरेट आय बढ़ी, पर फेड की सख्त नीति जारी रह सकती है।

By डॉ. अभिज्ञात

Jun 21, 2026 15:08 IST

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ा निवेश अमेरिकी अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, लेकिन इसके साथ ही यह महंगाई और ब्याज दरों पर भी दबाव बढ़ा सकता है। वैश्विक निवेश बैंक जेफरीज की ताजा ‘ग्रीड एंड फियर’ रिपोर्ट में कहा गया है कि AI अवसंरचना पर हो रहा भारी निवेश अमेरिका में मुद्रास्फीति को अपेक्षा से अधिक समय तक ऊंचे स्तर पर बनाए रख सकता है, जिससे ब्याज दरों में कटौती की संभावनाएं सीमित हो सकती हैं।

रिपोर्ट के अनुसार प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियां AI अवसंरचना के निर्माण और विस्तार पर बड़े पैमाने पर पूंजीगत व्यय कर रही हैं। इससे आर्थिक गतिविधियों को बल मिल रहा है, लेकिन साथ ही कीमतों पर दबाव भी बढ़ रहा है, जिससे मौद्रिक नीति के लिए परिस्थितियां जटिल होती जा रही हैं।

AI निवेश की दौड़ से बढ़ रही है नाममात्र आर्थिक वृद्धि

जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि अमेरिका में मुद्रास्फीति अपेक्षा के अनुरूप कम नहीं हो रही है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित महंगाई दर पिछले तीन वर्षों के उच्चतम स्तर पर बनी हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2026 की पहली तिमाही में अमेरिका की नाममात्र आर्थिक वृद्धि दर सालाना आधार पर 5.9 प्रतिशत रही। इसका प्रमुख कारण AI क्षेत्र में तेजी से बढ़ती पूंजीगत निवेश प्रतिस्पर्धा को बताया गया है। रिपोर्ट ने इसे "AI कैपेक्स आर्म्स रेस" का नाम दिया है, जिसमें बड़ी तकनीकी कंपनियां लगातार निवेश बढ़ा रही हैं।

बाजारों को दिख रही है और सख्त मौद्रिक नीति की संभावना

रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्तीय बाजार अब इस संभावना को गंभीरता से लेने लगे हैं कि यदि महंगाई ऊंचे स्तर पर बनी रहती है तो अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व को ब्याज दरें और बढ़ानी पड़ सकती हैं।

जेफरीज के अनुसार फेडरल रिजर्व के नए अध्यक्ष केविन वॉर्श ने इस सप्ताह हुई अपनी पहली एफओएमसी बैठक में अपेक्षा से अधिक सख्त रुख का संकेत दिया है। इससे निवेशकों के बीच यह धारणा मजबूत हुई है कि निकट भविष्य में मौद्रिक नीति अपेक्षाकृत कठोर बनी रह सकती है।

वर्ष 2026 तक और बढ़ सकती हैं ब्याज दरें

रिपोर्ट के अनुसार मुद्रा बाजार अब वर्ष 2026 के अंत तक कुल 36 बेसिस प्वाइंट तक अतिरिक्त ब्याज दर वृद्धि की संभावना का आकलन कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि अमेरिकी दो-वर्षीय ट्रेजरी बॉन्ड प्रतिफल में हाल के दिनों में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया है। यह प्रतिफल एक ही दिन में 13 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 4.18 प्रतिशत तक पहुंच गया, जो पिछले 14 महीनों में सबसे बड़ी एकदिवसीय वृद्धि मानी जा रही है।

कारोबारी जगत में भी बढ़ रही हैं महंगाई की आशंकाएं

जेफरीज ने कहा कि केवल वित्तीय बाजार ही नहीं, बल्कि कारोबारी क्षेत्र में भी महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक फेडरल रिजर्व द्वारा उपयोग किए जाने वाले पांच-वर्षीय अग्रिम मुद्रास्फीति संकेतक अभी भी अपेक्षाकृत स्थिर हैं, लेकिन विभिन्न सर्वेक्षणों में यह सामने आया है कि व्यवसायों की मूल्य अपेक्षाएं बढ़ रही हैं। चाहे वह कच्चे माल की कीमतें हों या उत्पादों की बिक्री कीमतें, दोनों ही मामलों में वृद्धि की प्रवृत्ति दिखाई दे रही है। इससे संकेत मिलता है कि मूल्य वृद्धि का दबाव अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में व्यापक रूप से मौजूद है।

महंगाई के बावजूद शेयर बाजार में AI का प्रभाव कायम

रिपोर्ट में कहा गया है कि बढ़ती महंगाई और बॉन्ड प्रतिफलों के बावजूद शेयर बाजार के निवेशक अभी भी AI निवेश से मिलने वाले संभावित लाभ पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। जेफरीज का मानना है कि जब तक AI अवसंरचना पर खर्च जारी रहेगा और उससे मिलने वाले प्रतिफलों पर कोई बड़ा सवाल नहीं उठेगा, तब तक अमेरिकी शेयर बाजार में निवेशकों का भरोसा बना रहेगा।

रिपोर्ट के अनुसार निवेशक उन कंपनियों को प्राथमिकता दे रहे हैं जो AI निवेश चक्र से प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त कर रही हैं और जिनकी आय में लगातार सुधार दिखाई दे रहा है।

अमेरिकी कंपनियों की आय का अनुमान हुआ मजबूत

रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान अमेरिकी कंपनियों की आय संबंधी उम्मीदों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।आंकड़ों का हवाला देते हुए जेफरीज ने बताया कि 12 जून तक उपलब्ध अनुमानों के अनुसार एसएंडपी 500 कंपनियों की दूसरी तिमाही की आय में सालाना आधार पर 22.8 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया जा रहा है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष अक्टूबर में इसी अवधि के लिए केवल 12.8 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया गया था। इससे स्पष्ट होता है कि AI निवेश से जुड़ी कंपनियों के प्रति बाजार की उम्मीदें काफी मजबूत हुई हैं।

AI से जुड़े चुनिंदा शेयरों पर बढ़ती निर्भरता को लेकर चेतावनी

हालांकि रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि अमेरिकी शेयर बाजार धीरे-धीरे AI से जुड़ी सीमित संख्या वाली तकनीकी कंपनियों पर अधिक निर्भर होता जा रहा है। जेफरीज के अनुसार निवेशक फिलहाल AI निवेश से लाभान्वित होने वाली कंपनियों को पुरस्कृत कर रहे हैं, लेकिन बाजार की यह एकाग्रता भविष्य में जोखिम भी पैदा कर सकती है। रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि AI निवेश फिलहाल अमेरिकी आर्थिक वृद्धि और कॉर्पोरेट आय का प्रमुख चालक बना हुआ है, लेकिन इसके साथ महंगाई और ब्याज दरों से जुड़े जोखिमों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

Articles you may like: