वॉशिंगटन डी.सी. : अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक विमान बेड़े ‘एयर फोर्स वन’ में अब एक नया और अत्याधुनिक बोइंग-747 विमान शामिल हो गया है। यह विमान कतर द्वारा उपहार स्वरूप दिया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 400 मिलियन डॉलर बताई जा रही है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब मौजूदा एयर फोर्स वन विमान काफी पुराने हो चुके हैं और उनके प्रतिस्थापन में अभी कई वर्षों का समय लग सकता है।
वर्तमान में अमेरिका के राष्ट्रपति जिस एयर फोर्स वन विमान का उपयोग करते है उसकी उम्र लगभग 1990 के दशक की है, जिसे तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल के दौरान शामिल किया गया था। इसी कारण नए विमान की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी और इस अंतरिम अवधि में इस नए विमान को उपयोग में लाने का निर्णय लिया गया है।
हालांकि कतर से इस महंगे उपहार को स्वीकार किए जाने पर राजनीतिक और सार्वजनिक स्तर पर विवाद भी खड़ा हो गया है। अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन के प्रमुख शॉन पार्नेल ने स्पष्ट किया है कि यह उपहार सभी सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए स्वीकार किया गया है।
रिपोर्टों के अनुसार इस बोइंग-747 विमान को राष्ट्रपति के उपयोग के लिए पूरी तरह उपयुक्त बनाने और अत्याधुनिक तकनीकी मानकों के अनुरूप तैयार करने में लगभग 1 अरब डॉलर अतिरिक्त खर्च किया गया है। इसे एयर फोर्स वन के विकल्प के रूप में इस्तेमाल करने योग्य बनाने के लिए व्यापक तकनीकी और सुरक्षा सुधार किए गए हैं।
इस निर्णय को लेकर आलोचकों का कहना है कि इस विमान के अनुकूलन पर खर्च किए गए धन के लिए अमेरिका के एक उन्नत मिसाइल कार्यक्रम के बजट में कटौती की गई है। इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है, हालांकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन आरोपों को खारिज किया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कतर के अमीर का उपहार के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि दुनिया के प्रमुख देशों के नेताओं के लिए ऐसे आधुनिक और उन्नत विमान आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई देशों के पास अमेरिका की तुलना में नए और बेहतर तकनीक वाले विमान मौजूद है और यह उपहार अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सम्मान का प्रतीक है।
गौरतलब है कि वर्तमान में अमेरिकी राष्ट्रपति के बेड़े में मौजूद दोनों बोइंग-747 विमान तीन दशक से भी अधिक पुराने है और लंबे समय से इनके प्रतिस्थापन की आवश्यकता पर चर्चा चल रही थी।