उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक नाबालिक बेटे के सामने पहले उसकी मां को घसीटा गया और बाद में उससे सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। बिहार में बेगूसराय कांड के सुलझने से पहले ही मध्य प्रदेश के उज्जैन में भी आपराधिक तत्वों बर्बरता के सामने आने से लोगों में आक्रोश फैल गया है। आरोप है कि 12 वर्षीय बेटे के सामने ही उसकी मां से सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
घटना 18 जून की रात की बतायी जाती है। मिली जानकारी के अनुसार उज्जैन जिले के बड़नगर इलाके में एक फार्महाउस में चौकीदार के तौर पर एक आदिवासी दंपति काम कर रहा था। रात को उक्त आदिवासी महिला (30) अपने पति और नाबालिग बेटे (12) के साथ अपनी झोपड़ी में सो रही थी। आरोप है कि आधी रात के बाद करीब 5 बदमाश मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस परिवार को पहले जगाया फिर खेत में फसलों को नुकसान पहुंचाने लगे।
आरोप है कि बंदूक की नोक पर पहले पति को झोपड़ी से बाहर निकाला गया और उसे बुरी तरह से पीटा गया। कथित तौर पर इस गिरोह के कुछ सदस्य खेत के पास मौजूद पवनचक्की से तार चुराने में व्यस्त हो गए और कुछ की नजर आदिवासी महिला पर पड़ी।
पीड़िता के बयान के अनुसार बदमाशों ने पहले महिला के पति को घर में बंद कर दिया और उसे और उसके नाबालिग बच्चे को पास की झाड़ी में खींचकर ले गए। आरोप है कि बदमाशों ने नाबालिग बेटे के सिर पर बंदूक रखकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि इस दौरान आदिवासी महिला से मारपीट भी की गयी और बेटे को मारने की धमकी देते हुए उसे चिखने-चिल्लाने से भी लगातार मना किया जाता रहा।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर एक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और अपराधियों की तलाश जारी है। उल्लेखनीय है कि लगभग एक हफ्ते पहले ही बिहार के बेगूसराय में घर में घुसकर पति के सामने एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है जिसकी जांच की जा रही है।