🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कीरोन पोलार्ड बने टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े रन-स्कोरर, क्रिस गेल को छोड़ा पीछे

शतकीय पारी के साथ पोलार्ड का बड़ा कारनामा, फिर भी एमआई न्यूयॉर्क हारी

By रजनीश प्रसाद

Jun 21, 2026 13:46 IST

टेक्सास (अमेरिका) : वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान कीरोन पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) 2026 में एमआई न्यूयॉर्क की ओर से खेलते हुए उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने हमवतन दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया।

वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ मुकाबले में पोलार्ड ने 56 गेंदों पर नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस शतकीय पारी के दौरान उन्होंने एक छक्का लगाकर टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ा। अब उनके नाम 736 मैचों में 14,582 रन दर्ज हो गए हैं जबकि क्रिस गेल ने 14,562 रन बनाए थे।

पोलार्ड की यह उपलब्धि उनके लंबे और सफल टी20 करियर की गवाही देती है। वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में 700 से अधिक मैच खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। करीब दो दशक से दुनिया भर की विभिन्न टी20 लीगों में लगातार खेलते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।

हालांकि पोलार्ड की ऐतिहासिक पारी उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकी। वॉशिंगटन फ्रीडम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 245 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और मुकाबला 30 रन से अपने नाम कर लिया।

वॉशिंगटन की जीत के नायक ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल ओवेन रहे। उन्होंने 68 गेंदों पर 155 रन की विस्फोटक पारी खेली जो एमएलसी इतिहास का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। ओवेन ने केवल 41 गेंदों में शतक पूरा किया और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उन्हें स्टीव स्मिथ और मार्क चैपमैन का भी अच्छा सहयोग मिला।

246 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई न्यूयॉर्क की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवर में क्विंटन डी कॉक और मोनांक पटेल के विकेट गंवा दिए जबकि निकोलस पूरन भी जल्दी आउट हो गए। एक समय टीम का स्कोर 64/5 था और हार लगभग तय लग रही थी।

इसके बाद पोलार्ड ने रोमारियो शेफर्ड और कॉर्बिन बॉश के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां करते हुए संघर्ष जारी रखा। उन्होंने अपने टी20 करियर का केवल दूसरा शतक लगाया और पारी की अंतिम गेंद पर तीन अंकों तक पहुंचे। उनकी पारी में 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

पोलार्ड के बाद टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में क्रिस गेल दूसरे, एलेक्स हेल्स तीसरे, जोस बटलर चौथे, डेविड वॉर्नर पांचवें और विराट कोहली छठे स्थान पर हैं। ये छह बल्लेबाज टी20 क्रिकेट में 14 हजार से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।

Articles you may like: