फिलाडेल्फिया (अमेरिका ) : फीफा विश्व कप 2026 में हैती के खिलाफ 3-0 की शानदार जीत के बावजूद ब्राजील की टीम अपने स्टार विंगर राफिन्हा की फिटनेस को लेकर चिंतित है। मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग में जकड़न महसूस होने के बाद उन्हें पहले हाफ में ही मैदान छोड़ना पड़ा। मैच के बाद ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंचेलोटी ने कहा कि खिलाड़ी की मेडिकल जांच कराई जाएगी जिसके बाद ही चोट की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
ब्राजील ने मोरक्को के खिलाफ पहले मुकाबले में 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद दबाव के बीच हैती के खिलाफ दमदार वापसी की। मैथियस कुन्हा के दो गोल और विनीसियस जूनियर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम ने 3-0 से जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। हालांकि राफिन्हा की चोट ने इस जीत की खुशी को कुछ हद तक फीका कर दिया।
मैच के बाद कार्लो एंचेलोटी ने कहा कि राफिन्हा का कल मूल्यांकन किया जाएगा। फिलहाल हमें यह नहीं पता कि चोट कितनी गंभीर है। वहीं मिडफील्डर लुकास पाक्वेटा ने भी स्वीकार किया कि पूरी टीम खिलाड़ी की स्थिति को लेकर चिंतित है और सभी उम्मीद कर रहे हैं कि मामला गंभीर न हो।
बार्सिलोना के स्टार खिलाड़ी राफिन्हा को मुकाबले के 40वें मिनट में मैदान से बाहर जाना पड़ा और उनकी जगह युवा खिलाड़ी रायन को उतारा गया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष राफिन्हा पहले भी हैमस्ट्रिंग संबंधी समस्याओं से जूझ चुके हैं, जिससे उनकी मौजूदा चोट को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
मुकाबले की शुरुआत से ही ब्राजील ने आक्रामक तेवर दिखाए। शुरुआती मिनटों में राफिन्हा ने ब्रूनो गुइमारेस के पास पर गोल भी किया लेकिन ऑफसाइड के कारण उसे मान्यता नहीं मिली। इसके बाद विनीसियस जूनियर के जोरदार शॉट को गोलकीपर जॉनी प्लासिडे ने रोका लेकिन रिबाउंड पर मैथियस कुन्हा ने गेंद को जाल में पहुंचाकर ब्राजील को बढ़त दिला दी।
कुछ ही देर बाद विनीसियस के सटीक पास पर कुन्हा ने दूसरा गोल दागा और ब्राजील की बढ़त दोगुनी कर दी। पहले हाफ समाप्त होने से पहले विनीसियस ने हैती की ऊंची रक्षापंक्ति का फायदा उठाते हुए तीसरा गोल कर मुकाबला लगभग एकतरफा बना दिया।
दूसरे हाफ में हैती ने वापसी की कोशिश की और डिफेंडर रिकार्डो अडे का हेडर गोलकीपर एलिसन बेकर ने शानदार ढंग से बचाया। ब्राजील की ओर से एंड्रिक ने चौथा गोल भी किया, लेकिन ऑफसाइड के कारण उसे रद्द कर दिया गया।
इस जीत के साथ ब्राजील के दो मैचों में चार अंक हो गए हैं। टीम गोल अंतर के आधार पर मोरक्को से आगे रहते हुए ग्रुप में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है और अब उसका अगला मुकाबला स्कॉटलैंड से होगा। दूसरी ओर, लगातार दूसरी हार के बाद हैती का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।