🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तुर्किये पर जीत के बाद पराग्वे का बढ़ा आत्मविश्वास, बोले अल्फारो- हम किसी से कम नहीं

‘हम कभी खुद को अंडरडॉग नहीं मानते’, पराग्वे के कोच गुस्तावो अल्फारो का बड़ा बयान।

By रजनीश प्रसाद

Jun 20, 2026 17:41 IST

कैलिफोर्निया (अमेरिका ) : फीफा विश्व कप 2026 में तुर्किये पर 1-0 की महत्वपूर्ण जीत दर्ज करने के बाद पराग्वे के मुख्य कोच गुस्तावो अल्फारो ने कहा कि उनकी टीम किसी भी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खुद को कभी कमजोर या कमतर नहीं मानती। उन्होंने स्पष्ट किया कि पराग्वे सभी टीमों का सम्मान करता है लेकिन मैदान पर हर मुकाबले में पूरी ताकत के साथ उतरता है और जीत के लिए संघर्ष करता है।

ग्रुप-डी के इस अहम मुकाबले में मिली जीत ने पराग्वे की नॉकआउट चरण में पहुंचने की उम्मीदों को मजबूत कर दिया है। वहीं तुर्किये की लगातार हार के साथ उसका राउंड ऑफ 32 में पहुंचने का सपना भी समाप्त हो गया। मैच के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुस्तावो अल्फारो ने कहा कि उनकी टीम बड़े और प्रतिष्ठित विरोधियों का सम्मान करती है लेकिन कभी भी खुद को उनसे कम नहीं समझती।

उन्होंने कहा कि हम बेहतर और अधिक प्रतिष्ठित टीमों का सामना कर सकते हैं। हम उनका सम्मान करते हैं लेकिन हम कभी भी खुद को अंडरडॉग या किसी से कमतर महसूस नहीं करेंगे। हम हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और अपनी जर्सी का सम्मान बनाए रखेंगे।

साल 2010 के बाद पहली बार फीफा विश्व कप में खेल रही पराग्वे ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की। सैन फ्रांसिस्को बे एरिया में खेले गए इस मैच में टीम ने केवल 65 सेकंड के भीतर बढ़त हासिल कर ली। तुर्किये की ओर से हुई एक गलत पासिंग का पूरा फायदा उठाते हुए मातियास गालार्सा ने बेहतरीन गोल दागकर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी जो अंत तक निर्णायक साबित हुई।

जीत के बाद गुस्तावो अल्फारो भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि अंतिम सीटी बजने के बाद उन्हें कुछ क्षणों तक यकीन ही नहीं हुआ कि उनकी टीम जीत चुकी है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को एक-दूसरे की आंखों में देखकर खुशी साझा करते देखना उनके लिए बेहद गर्व और संतोष का क्षण था।

कोच ने कहा कि जब मैच समाप्त हुआ तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ कि हम जीत गए हैं। मैंने खिलाड़ियों से कहा था कि मैं उनके चेहरों पर वह खुशी देखना चाहता हूं जहां बिना कुछ कहे भी एक-दूसरे की भावनाएं समझी जा सकें। आज वही दृश्य देखने को मिला।

अब पराग्वे की टीम 25 जून को सैन फ्रांसिस्को बे एरिया में अपने अंतिम ग्रुप-डी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी। इस मैच का परिणाम नॉकआउट चरण की तस्वीर तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है और पराग्वे पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

Articles you may like: