🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कल सुबह 4 बजे से उपलब्ध रहेगी कोलकाता मेट्रो की सेवाएं, यहां जानिए पूरा शेड्यूल

कोलकाता मेट्रो ने कल यानी 21 जून को सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाओं को उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है।

By Moumita Bhattacharya

Jun 20, 2026 18:30 IST

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के मौके पर कोलकाता के रेड रोड पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाने वाला है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) समेत अन्य नेता व मंत्रियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम लोगों के भी शामिल होने की संभावना है।

अगर आप भी कल (रविवार, 21 जून) योगाभ्यास के लिए कहीं आना-जाना चाहते हैं अथवा NEET UG के परीक्षार्थी हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। कोलकाता मेट्रो (Kolkata Metro) ने कल यानी 21 जून को सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाओं को उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है।

रविवार (21 जून) को कोलकाता की ब्लू लाइन, ग्रीन लाइन और यलो लाइन मेट्रो पर सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

ब्लू लाइन मेट्रो का शेड्यूल

आम तौर पर रविवार को कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर 152 मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होती हैं लेकिन 21 जून यानी कल ब्लू लाइन पर 214 मेट्रो सेवाएं (107 अप और 107 डाउन) उपलब्ध करवाने का फैसला लिया गया है। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक अप व डाउन लाइन पर 14 मिनट और 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध रहेगी।

शहीद खुदीराम, महानायक उत्तम कुमार, दक्षिणेश्वर और नोआपाड़ा से पहली मेट्रो सुबह 4 बजे खुलेगी।

ग्रीन लाइन मेट्रो का शेड्यूल

रविवार को इस लाइन पर आमतौर पर 108 मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होती हैं लेकिन 21 जून को ग्रीन लाइन पर 173 मेट्रो सेवाएं (87 अप और 86 डाउन) उपलब्ध करवाने का फैसला लिया गया है। सुबह 4 से 8 बजे तक दोनों तरफ से ही 15 मिनट और 10 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेगी। इसके बाद रविवार की सामान्य समय सूची के आधार पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होगी।

हावड़ा मैदान से और सॉल्टलेक सेक्टर 5 से दिन की पहली मेट्रो सुबह 4 बजे खुलेगी।

Read Also | ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखोपाध्याय के बंगाल में आपका स्वागत है’, पीएम मोदी के आगमन पर शुभेंदु अधिकारी का संदेश

यलो लाइन मेट्रो का शेड्यूल

21 जून को यलो लाइन पर 78 मेट्रो सेवाओं के बजाए कुल 112 मेट्रो सेवाएं (56 अप और 56 डाउन) उपलब्ध होगी। सुबह 4.18 बजे से 9 बजे तक अप और डाउन दोनों तरफ ही 18 और 20 मिनट के अंतराल पर मेट्रो मिलेगी। इसके बाद रविवार की सामान्य समय सूची के आधार पर मेट्रो सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

नोआपाड़ा से जय हिंद एयरपोर्ट के लिए पहली मेट्रो सुबह 4.18 बजे, जय हिंद एयरपोर्ट से नोआपाड़ा के लिए पहली मेट्रो सुबह 4.40 बजे खुलेगी।

मेट्रो प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार ब्लू लाइन, ग्रीन लाइन और यलो लाइन - किसी भी लाइन पर आखिरी मेट्रो के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। कल यानी 21 जून को पर्पल और ऑरेंज लाइन पर मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होगी।

Articles you may like: