🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

चेपॉक में प्रसिद्ध कृष्णा का कमाल, पांच विकेट लेकर बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

5/23 के साथ चमके प्रसिद्ध कृष्णा, चेपॉक में पांच विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने।

By रजनीश प्रसाद

Jun 20, 2026 19:11 IST

चेन्नई : भारत और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई के प्रतिष्ठित एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले गए तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने 5 विकेट लेकर न केवल अफगानिस्तान की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई बल्कि चेपॉक में एकदिवसीय क्रिकेट के इतिहास में पांच विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज भी बन गए। उनकी घातक गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान की पूरी टीम 218 रन पर सिमट गई।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 23 रन देकर 5 विकेट झटके जो उनके वनडे करियर का पहला पांच विकेट हॉल भी है। उन्होंने पावरप्ले में ही कहर बरपाते हुए चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया और बाद में अफगानिस्तान के कप्तान हाशमतुल्लाह शाहिदी का विकेट लेकर अपनी उपलब्धि को और खास बना दिया।

प्रसिद्ध कृष्णा का 5/23 का प्रदर्शन चेपॉक स्टेडियम में किसी भी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ वनडे प्रदर्शन बन गया है। इससे पहले इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के रवि रामपाल के नाम था जिन्होंने 2011 विश्व कप में भारत के खिलाफ 5/51 विकेट लिए थे। वहीं पाकिस्तान के आकिब जावेद ने 1997 में भारत के खिलाफ 5/61 का प्रदर्शन किया था। भारतीय गेंदबाजों में इससे पहले चेन्नई में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अजीत आगरकर का था जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ 4/34 विकेट लिए थे।

इसके साथ ही प्रसिद्ध कृष्णा ने एक और खास उपलब्धि अपने नाम की। वह वनडे क्रिकेट में विपक्षी टीम के शीर्ष पांच बल्लेबाजों को आउट करने वाले भारत के केवल तीसरे गेंदबाज बन गए। उनसे पहले यह कारनामा मोहम्मद शमी ने 2023 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ और मनोज प्रभाकर ने 1994 में श्रीलंका के खिलाफ हैदराबाद में किया था।

मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और प्रसिद्ध कृष्णा ने शुरुआती ओवरों में टीम का स्कोर 36 रन पर 4 विकेट कर दिया। इसके बाद अजमतुल्लाह ओमरजई (50 रन) और कप्तान हाशमतुल्लाह शाहिदी (102 रन) ने 105 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने का प्रयास किया। शाहिदी ने अपने वनडे करियर का पहला शतक भी पूरा किया लेकिन ओमरजई के आउट होने के बाद भारतीय गेंदबाज लगातार विकेट निकालते रहे और पूरी टीम 218 रन पर सिमट गई।

भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने भी एक-एक विकेट हासिल कर टीम की सफलता में योगदान दिया। वनडे करियर के 25 मैचों में अब प्रसिद्ध कृष्णा के नाम 45 विकेट हो गए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/23 दर्ज हो चुका है।

Articles you may like: