रविवार (21 जून) को दिन में 11 बजे के बाद कोलकाता में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। तेज हवाओं के झोंकों की वजह से कोलकाता के सेंट्रल एवीन्यू पर चांदनी चौक के पास एक पेड़ की डाली टूट कर गिर गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वजह से यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।
बताया जाता है कि पेड़ से मोटी डाली टूटकर बिजली के तारों पर गिरी, जिस कारण लोगों में डर का माहौल छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही CESE और कोलकाता नगर निगम (KMC) के कर्मचारी पहुंच चुके हैं।
रविवार की सुबह से कोलकाता के लगभग सभी इलाकों में बादलों ने आसमान में अपना डेरा जमाया हुआ है। दिन चढ़ने के साथ ही तेज हवाओं के झोंकों के साथ बारिश भी शुरू हो गयी। इसी दौरान चांदनी चौक में बिजली के तारों पर पेड़ की एक मोटी टहनी टूट कर गिरने से बिजली का एक खंभा भी उखड़कर सड़क पर गिर गया।
इस वजह से लोगों में बिजली का झटका लगने का डर बैठ गया। मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता नगर निगम के कर्मचारियों ने तत्परता के साथ टहनी को काटकर सड़क से हटा दिया है जिसके बाद यातायात सेवाएं सामान्य हो गयी। बताया जाता है कि इस घटना की वजह से सड़क के किनारे फुटपाथ पर लगा रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गया है।