🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कैसा रहेगा कोलकाता समेत उत्तर और दक्षिण बंगाल में आज और अगले 3 दिनों का मौसम? जानिए यहां

इस सप्ताह मौसम विभाग ने उत्तर और दक्षिण बंगाल में भारी बारिश, वज्रपात के साथ तेज हवाओं के बहने की संभावना जतायी है।

By Moumita Bhattacharya

Jun 22, 2026 10:44 IST

इस साल मानसून के सीजन में सबसे अधिक बारिश रविवार (21 जून) को कोलकाता में हुई जिस वजह से उमस और भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम तक महानगर में 61.9 मिलीमीटर बारिश हुई।

इस वजह से पिछले 5 सालों में जून में 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश हुई। रविवार को योगा दिवस समारोह के बाद बारिश शुरू हुई जिस वजह से लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई क्योंकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में हजारों की संख्या में आम लोगों ने भी हिस्सा लिया था।

आज (22 जून) भी कोलकाता के आसमान में बादलों ने डेरा जमाया हुआ है। दिन के समय में मौसम विभाग ने वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

Read Also | कौन थे 'गोपाल पाठा'? जिनके नाम पर कोलकाता की सुहरावर्दी एवेन्यू रोड का नाम बदलकर किया गया गोपाल मुखर्जी रोड

वहीं रविवार (21 जून) की शाम को सर्वाधिक तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के हवाले से News18 की मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि अगले 24 घंटों के दौरान तापमान 25 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बने रहने की संभावना है।

बात अगर उत्तर बंगाल की करें तो जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में अति भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरदुआर, कुचबिहार आदि में भारी बारिश की पीली चेतावनी जारी की गयी है। इसके अलावा उत्तर बंगाल के अन्य सभी इलाकों में वज्रपात और बिजली कड़कने के साथ बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी बह सकती हैं।

मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल में बुधवार (24 जून) को बारिश के तेज होने की संभावना जतायी है। खासतौर पर कोलकाता और आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों में तेज बारिश होने की पीली चेतावनी जारी की गयी है। इसके साथ ही वज्रपात और बिजली कड़कने का सिलसिला भी जारी रहेगा।

Read Also | तृणमूल के तीन बैंक खातों के डेबिट संचालन पर रोक, पार्टी फंड को लेकर छिड़ी नई जंग

इसके बाद दक्षिण बंगाल में 2 दिन (सोमवार-मंगलवार) तेज हवाओं और बारिश की मात्रा में थोड़ी कमी आ सकती है लेकिन बुधवार के बाद से बारिश की मात्रा बढ़ने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। वहीं उत्तर बंगाल में शुक्रवार (26 जून) से बारिश की मात्रा बढ़ने की संभावना है।

26 जून को उत्तर बंगाल में बारिश की नारंगी चेतावनी जारी की गयी है। शनिवार को भी दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कुचबिहार, अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी में अतिभारी बारिश होने की संभावना है।

आज (22 जून) दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों, हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मिदनापुर और नदिया में आंधी व बारिश की मात्रा बढ़ने की संभावना जतायी गयी है। इसके बाद कुछ दिनों तक बारिश की पीली चेतावनी जारी की गयी है।

बारिश और आंधी के साथ ही पूर्व-पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया जिलों में वज्रपात की आशंका जतायी गयी है। इसलिए इन जिलों में खासतौर पर खेत-खलिहानों में काम करने वाले मजदूरों और किसानों से अनुरोध किया गया है कि बारिश के समय या जब बादल गरज रहे हो तब खुली जगहों पर न जाएं और न ही किसी पेड़ के नीचे शरण ले।

Articles you may like: