कोलकाता : पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भारी मात्रा में याबा टैबलेट बरामद की है। पुलिस के अनुसार विशेष अभियान के दौरान करीब 6 किलोग्राम याबा टैबलेट जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मादक पदार्थों की तस्करी के लिए कूचबिहार क्षेत्र लगातार जांच एजेंसियों के निशाने पर रहा है। इससे पहले भी कूचबिहार इलाके में कई अभियानों के दौरान याबा सहित अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम को कूचबिहार शहर के राजमाता दिघी इलाके में एसटीएफ शिलिगुड़ी की टीम ने विशेष अभियान चलाया। इसी कार्रवाई के दौरान टीम को बड़ी सफलता मिली और भारी मात्रा में याबा टैबलेट बरामद की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ ही तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाने की योजना थी।
अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं। मामले की जांच जारी है।