जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी के उल्लाडाबाड़ी में भयावह सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गयी है। रविवार (21 जून) की सुबह उल्लाडाबाड़ी में तीस्ता नदी पर बने ब्रिज के पास ट्रक और यात्रीवाही बस की आमने-सामने की टक्कर हो गयी।
शुरुआत में इस हादसे में 2 यात्रियों के मरने की जानकारी मिली थी लेकिन बाद में मरने वाले यात्रियों की संख्या बढ़कर 4 हो गयी। वहीं कई लोग इस दुर्घटना में बुरी तरह से घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मरने वाले चारों यात्रियों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।
अपने X हैंडल से एक पोस्ट कर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मरने वाले यात्रियों के परिजनों को ₹5 लाख, गंभीर रूप से घायलों को ₹1 लाख और कम घायलों को ₹50,000 का मुआवजा देने की घोषणा की। बताया जाता है कि घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक का सामने वाला पहिया पंक्चर होने की वजह से सड़क के किनारे खड़ी थी। उसी समय सिलीगुड़ी से कुचबिहार जाने वाली एक यात्रीवाही बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गयी। प्राथमिक रूप से स्थानीय लोगों ने ही राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पुलिस पहुंच गयी। बताया जाता है कि कुछ यात्रियों को मयनागुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भी भर्ती किया गया। इलाज के लिए मयनागुड़ी ले जाते समय एक यात्री ने दम तोड़ दिया था। बताया जाता है कि अन्य दो यात्रियों की मौत इलाज के दौरान हुई। जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाते समय रास्ते में एक अन्य यात्री की मौत हो गयी।
अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुल 39 घायलों को जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज लाया गया है। इनमें से 18 घायलों को आईसीयू में भर्ती करना पड़ा है। घायलों में 3 साल के एक बच्चे की हालत गंभीर बतायी जाती है। घायलों में 15 पुरुष यात्री, 2 बच्चे और 12 महिलाएं शामिल हैं।
मयनागुड़ी के आईसी सुबल घोष ने इस बारे में कहा कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तेजी के साथ राहत व बचाव शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने ही वहां से उस समय गुजर रही गाड़ियों को रोककर घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू कर दिया था। एंबुलेंस बाद में घटनास्थल पर पहुंची।
Deeply saddened by the tragic road accident at Ulladabri Jorabadh on NH-27 in Maynaguri today, wherein a truck slammed into a bus carrying ill-fated passengers.
— Suvendu Adhikari (@SuvenduWB) June 21, 2026
My heart goes out to the families who have lost their loved ones in this horrific incident. I offer my deepest
मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा
शुभेंदु अधिकारी ने अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया जिसमें उन्होंने लिखा कि मयनागुड़ी के NH-27 के उल्लाडाबाड़ी जोड़ाबांध इलाके में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे से गंभीर रूप से शोकाहत हूं। वहां यात्रियों से भरी बस को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भयावह घटना में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी सहानुभूति है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
इस दुर्घटना के बारे में शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशिथ प्रमाणिक और परिवहन राज्य मंत्री आनंदमय बर्मण के साथ बातचीत भी की है। साथ ही घायलों को जल्द से जल्द इलाज मुहैया करवाने का निर्देश दिया गया है।