चेन्नई : तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में रविवार को एक निजी सी-फूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस के रिसाव से बड़ा हादसा हो गया। गैस लीक होने के कारण दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि फैक्ट्री के कई मजदूर और आसपास रहने वाले लोग सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित हुए हैं। कुछ लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना तिरुवल्लूर जिले के पेरियापलायम इलाके के पास स्थित एक निजी समुद्री खाद्य प्रसंस्करण इकाई में हुई। बताया जा रहा है कि इसी फैक्ट्री से अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हुआ, जो तेजी से पूरे कारखाना परिसर और आसपास के इलाकों में फैल गया।
गैस फैलते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
चिकित्सकों के अनुसार गैस के संपर्क में आने के बाद कई लोगों को सांस लेने से जुड़ी परेशानियां हुई हैं। प्रभावित लोगों को निगरानी में रखा गया है। प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
घटना के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री की ओर से इस घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को 24 घंटे के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और तीन दिनों के अंदर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
अमोनिया गैस का इस्तेमाल कई औद्योगिक इकाइयों और फूड प्रोसेसिंग यूनिट में किया जाता है। हालांकि उद्योगों में गैस रिसाव की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों को और सख्त करने की मांग उठने लगी है।
प्रशासन अब हादसे के कारणों की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गैस रिसाव किस वजह से हुआ। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।