🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए विराट कोहली की वापसी, हार्दिक पांड्या टीम से बाहर

शुभमन गिल कप्तान, श्रेयस अय्यर उपकप्तान; बीसीसीआई ने घोषित की वनडे टीम।

By रजनीश प्रसाद

Jun 21, 2026 15:41 IST

मुंबई : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी हुई है जबकि अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टीम में जगह नहीं मिली है। चयन समिति की ओर से घोषित इस टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। हार्दिक की गैरमौजूदगी टीम चयन का सबसे बड़ा चर्चा का विषय रही हालांकि बीसीसीआई ने उनके बाहर रहने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया।

विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला में नहीं खेले थे। आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की खिताबी जीत के दौरान दाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण उन्हें आराम दिया गया था। अब उनकी टीम में वापसी हुई है हालांकि इंग्लैंड दौरे में उनकी भागीदारी फिटनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगी।

वनडे टीम में कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा रोहित शर्मा, केएल राहुल, ईशान किशन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। हाल के घरेलू मुकाबलों में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने भी अपनी जगह बरकरार रखी है। वहीं युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी पर चयनकर्ताओं ने एक बार फिर भरोसा जताया है।

इस बीच बीसीसीआई ने एक अन्य घोषणा में बताया कि तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने टीम में वरुण चक्रवर्ती की जगह ली है। वरुण आईपीएल 2026 के दौरान बाएं पैर में लगी चोट से उबर रहे हैं और अभी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह फिट घोषित नहीं किए गए हैं।

बीसीसीआई के अनुसार वरुण चक्रवर्ती फिलहाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास के अंतिम चरण से गुजर रहे हैं। मेडिकल टीम की मंजूरी मिलने के बाद ही उनकी मैदान पर वापसी होगी।

भारत का अगला अंतरराष्ट्रीय अभियान 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों से शुरू होगा। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला खेलेगी। टी20 मुकाबलों के बाद दोनों टीमें वनडे श्रृंखला में आमने-सामने होंगी।

इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का पहला मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 16 जुलाई को कार्डिफ़ में होगा जबकि श्रृंखला का अंतिम और तीसरा मुकाबला 19 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर आयोजित किया जाएगा। भारतीय टीम इस दौरे को आगामी अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों की तैयारी के रूप में भी देख रही है।

Articles you may like: