नई दिल्ली : एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2025-26 का खिताब जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि देश के अधिक से अधिक युवाओं को हॉकी से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में भारतीय महिला टीम की सफलता को देश के लिए गर्व और खुशी का क्षण बताया। उन्होंने लिखा कि भारतीय हॉकी खिलाड़ी लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं। महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाया और खिताब जीतकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
ऑकलैंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मैच के चौथे मिनट में नवनीत कौर ने गोल दागकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 15वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने दूसरा गोल कर भारत की स्थिति और मजबूत कर दी। भारतीय टीम ने पूरे मैच में अनुशासित रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ भारत ने अगले सत्र के लिए एफआईएच महिला प्रो लीग में भी अपनी वापसी सुनिश्चित कर ली। यह भारत का दूसरा एफआईएच महिला नेशंस कप खिताब है। इससे पहले भारतीय टीम ने वर्ष 2022 में टूर्नामेंट का पहला संस्करण भी जीता था।
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपराजित रही। टीम ने पूल-ए मुकाबलों में अमेरिका को 3-2, जापान को 2-1 और उरुग्वे को 3-2 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल में लालरेमसियामी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं भारतीय खिलाड़ी दीपिका छह गोल के साथ टूर्नामेंट की संयुक्त सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं। उन्होंने अमेरिका की एशले सेसा के साथ यह उपलब्धि साझा की।
टीम की ऐतिहासिक सफलता को सम्मानित करते हुए हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को तीन लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।