🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ में निलंबित टीएमसी नेता ऋजु दत्ता का बड़ा बयान, ऋजु दत्ता ने कहा- योग और राजनीति का कोई संबंध नहीं

रेड रोड पर आयोजित योग कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने स्वस्थ जीवन और योग के महत्व पर दिया संदेश।

By शिखा सिंह

Jun 21, 2026 23:44 IST

कोलकाता : कोलकाता में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान निलंबित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता ऋजु दत्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योग दिवस में भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि योग को राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए और योग का उद्देश्य लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।

ऋजु दत्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता दौरे से शहर में एक अलग माहौल बना है और यह बंगाल की आध्यात्मिक विरासत व स्वामी विवेकानंद की विचारधारा से जुड़ता दिखाई देता है।

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में ऋजु दत्ता ने कहा कि भारत में योग का इतिहास करीब 5,000 साल पुराना है। उन्होंने कहा कि कोलकाता और पश्चिम बंगाल में पहले इस तरह का वातावरण देखने को नहीं मिलता था। योग शरीर और मन दोनों के लिए लाभकारी है और दुनिया में योग के सबसे बड़े प्रचारकों में से एक स्वामी विवेकानंद बंगाल से ही थे। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के योग सत्र के दौरान लोगों की मदद करने के तरीके की भी प्रशंसा की। ऋजु दत्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल खुद योग नहीं किया, बल्कि जिन लोगों से आसन करने में गलती हो रही थी, उनके पास जाकर सही तरीका भी बताया।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री का इस तरह लोगों के बीच जाकर मार्गदर्शन करना बंगाल के लोगों के लिए गर्व की बात है। योग और राजनीति के बीच कोई संबंध नहीं होना चाहिए।"

पश्चिम बंगाल में योग दिवस मनाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह उनके लिए विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती महान आध्यात्मिक नेताओं और योग साधकों से जुड़ी रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वही भूमि है जहां रामकृष्ण परमहंस जैसे संतों ने जन्म लिया और स्वामी विवेकानंद तथा लाहिड़ी महाशय जैसे महान योग साधकों ने योग परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि ऐसी पवित्र भूमि पर सामूहिक योग का अनुभव एक अलग आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के लोगों की ओर से चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि योग दिवस पर स्वच्छता अभियान चलाना एक शानदार पहल है और इसके लिए बंगाल के लोगों की सराहना की जानी चाहिए।

Articles you may like: