विधानसभा में आज (22 जून) सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का पहला बजट पेश होने वाला है। राज्य के वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता वित्तीय वर्ष 2026-27 का पूर्ण बजट पेश करेंगे। दोपहर 12 बजे वह विधानसभा में बजट पेश करने वाले हैं।
राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद अपने वादों को पूरा करते हुए अन्नपूर्णा योजना को शुरू किया जा चुका है। सीमा पर कांटेदार तार की बाड़ लगाने के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। घुसपैठियों को डिपोर्ट किया जा रहा है।
ऐसी स्थिति में राज्य में पहली बार सरकार बनाने वाली भाजपा सरकार कौन सी नयी परियोजनाएं लाएगी, आम जनता के लिए कौन सी नई घोषणाएं होने वाली है, इसी तरफ सबकी नजरें गड़ी हुई है।
जानकारों का कहना है कि औद्योगिकीकरण, भूमि अधिग्रहण और रोजगार के क्षेत्र में नए रोडमैप की दशा और दिशा दोनों ही राज्य बजट के बाद समझ में आएगा।
Read Also | भारत जिस नए Meritime Era में कदम रख रहा है उसमें महत्वपूर्ण होगी बंगाल की भूमिका : प्रधानमंत्री मोदी
कहा जा रहा है कि बजट पेश होने के बाद ही राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और राज्य के विकास के बारे में क्या सोच रही है और कौन सी योजनाएं बना रही है, यह स्पष्ट हो सकेगा। साथ ही यह भी पता चल सकेगा कि तृणमूल सरकार के दौरान जो भारी कर्ज राज्य पर हो गया था उसे कैसे कम किया जाएगा।
बता दें, यह बजट काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पिछले 15 सालों की तृणमूल शासन के भाजपा का पहला पूर्ण बजट होने वाला है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही घोषणा कर दी है कि बजट में कई बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं। इसके साथ ही भाजपा के चुनावी वादों को भी इसमें जगह मिल सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बजट पेश करने से पहले स्वप्न दासगुप्ता ने दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और नीति आयोग के चेयरमैन अशोक लाहिड़ी से मुलाकात की थी। इन बैठकों में राज्य की आर्थिक स्थिति, निवेश के मौके, विकास और जनता के लिए कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गयी थी।
गौरतलब है कि भाजपा सरकार की पहली पूर्ण बजट को लेकर आम जनता में भी काफी उत्सुकता देखी जा रही है। लोग जानना चाहते हैं कि नई सरकार पुरानी समस्याओं जैसे बेरोजगारी, निवेश की कमी आदि समस्याओं से कैसे निपटती है। बताया जाता है कि यह बजट राज्य की दिशा तय करेगा।