लखनऊ : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 1.25 लाख रुपये के इनामी अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कई जघन्य अपराधों में वांछित ललन सिंह को मुठभेड़ के दौरान गोली लगी थी। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ललन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के आनंदगोलवा गांव का निवासी था और उत्तर प्रदेश तथा बिहार में दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। उस पर वाराणसी पुलिस आयुक्त द्वारा एक लाख रुपये तथा चंदौली के पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि ललन सिंह अपने भाइयों और सहयोगियों के साथ मिलकर कई जघन्य अपराधों में कथित रूप से शामिल रहा था। उस पर दो उपनिरीक्षकों, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड सहित सात लोगों की हत्या में संलिप्त होने के आरोप थे। इसके अलावा बैंक डकैती, कैश वैन लूट तथा सरकारी हथियारों की लूट से जुड़े मामलों में भी उसका नाम सामने आया था।
पुलिस के अनुसार, 21 और 22 जून की दरम्यानी रात सहारनपुर जिले की सरसावा-नकुड़ रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान ललन सिंह गोली लगने से घायल हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि ललन सिंह कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में भी कथित रूप से शामिल था। इनमें 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्तौल लूटने की घटना तथा 1 नवंबर 2022 को चंदौली में हुई फायरिंग और लूट की वारदात शामिल हैं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक सहयोगी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।