दीघा: पश्चिम बंगाल के समुद्री पर्यटन स्थल दीघा में एक होटल के कमरे से पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सुशोभन दे (25) और शिउली दे (23) के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र स्थित बसंतपुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दंपती 2 जून को दीघा मोहाना इलाके के एक होटल में ठहरे थे। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से कोई गतिविधि या प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल प्रबंधन को संदेह हुआ। सुबह करीब 11 बजे तक दरवाजा नहीं खुलने पर होटल अधिकारियों ने इसकी सूचना दीघा मोहाना थाना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
कमरे में सुशोभन दे का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि शिउली दे का शव फर्श पर पड़ा था। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसमें लिखा है कि उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। हालांकि पुलिस इस नोट की भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांथी महकमा अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
कांथी के महकमा शासक धूमल प्रतीक अशोक ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय बीडीओ को मौके पर भेजकर प्रारंभिक जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।