मेसी कांड में राज्य के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास ने विधाननगर साउथ थाने में 'शारीरिक अस्वस्थता' का हवाला देकर पेश होने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। युवाभारती स्टेडियम में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान पूर्व खेल मंत्री की वजह से अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए आयोजक शतद्रु दत्त ने उनके खिलाफ FIR दर्ज करवायी थी।
इसके बाद पुलिस ने अरूप विश्वास को समन भेजकर 5 जून की दोपहर 12 बजे उन्हें उपस्थित होने के लिए कहा था। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने 'शारीरिक अस्वस्थता' का हवाला देते हुए अतिरिक्त समय की मांग की है। वहीं दूसरी ओर शतद्रु दत्त ने इस बारे में सोशल मीडिया पर कटाक्ष करते हुए पोस्ट भी किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अरूप विश्वास अचानक बीमार पड़ गए हैं। इस वजह से उन्होंने फिलहाल पुलिस के सामने पेश होने में असमर्थता जताई है और अतिरिक्त समय की मांग की है। उनका यह आवेदन सामने आते ही लियोनेल मेसी के इवेंट के आयोजक शतद्रु दत्ता काफी नाराज हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अरूप विश्वास पर तंज कसते हुए लिखा, 'समन आते ही अचानक बीमारी!'
Read Also | क्या पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास को सता रहा है गिरफ्तारी का डर? दायर की अग्रिम जमानत याचिका
अपने पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि एक बात याद रखिए- मेडिकल सर्टिफिकेट से शायद समय खरीदा जा सकता है, लेकिन न्याय से नहीं बचा जा सकता। उन्होंने इस घटना को महज संयोग मानने से इनकार कर दिया। अपने पोस्ट में शतद्रु दत्ता ने चेतावनी के लहजे में लिखा, 'मंत्री महोदय, आपने मुझे बहुत तकलीफ दी है। मैं छोड़ने वाला नहीं हूं।'
शतद्रु दत्ता ने फेसबुक पर क्या लिखा, पढ़े यहां :-
गौरतलब है कि 17 मई को आयोजक शतद्रु दत्ता ने विधाननगर साउथ थाने में अरूप विश्वास के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। पूर्व खेल मंत्री पर भारतीय न्याय संहिता की 3(5), 308(2), 318(4), 351(2) और 61(2) की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। इन धाराओं के तहत टिकटों की कालाबाजारी, वसूली, आपराधिक धमकी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
शतद्रु दत्ता का दावा है कि मेसी इवेंट के लिए लगभग 22,000 टिकटों की कालाबाजारी की गई थी। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि खेल मंत्री होने के प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के साथ भी अनुचित तरीके से हस्तक्षेप किया गया।
इन आरोपों के बाद मामला पुलिस जांच के दायरे में है और आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों पर निर्भर करेगी। घटना की शुरुआत पिछले साल दिसंबर से हुई थी। 13 दिसंबर को कोलकाता के युवभारती स्टेडियम में आयोजक शतद्रु दत्ता ने विश्व कप विजेता लियोनेल मेसी को लाने का कार्यक्रम आयोजित किया था लेकिन वह कार्यक्रम अंततः सफल नहीं हो सका।
कार्यक्रम के दौरान हुए भारी हंगामे की वजह से राज्य सरकार की भी काफी बदनामी हुई थी। इस घटना में उसी दिन पुलिस ने मेसी को GOAT इंडिया टूर के आयोजक शतद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया गया था। लगभग 37 दिनों तक जेल में बंद रहने के बाद आखिरकार उन्हें जमानत मिली। जमानत पर जेल से बाहर निकलने के बाद ही अरूप विश्वास के खिलाफ उन्होंने औपचारिक शिकायत दर्ज करवायी।