पेरिस : फ्रेंच ओपन में इस बार उलटफेरों का सिलसिला जारी है और अब इस सूची में महिला टेनिस की विश्व नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका का नाम भी जुड़ गया है। बेलारूस की स्टार खिलाड़ी को क्वार्टर फाइनल में रूस की युवा खिलाड़ी डायना श्नाइडर ने 3-6, 7-5, 6-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
मॉस्को की 22 वर्षीय डायना श्नाइडर इस समय विश्व रैंकिंग में 25वें स्थान पर हैं। उन्होंने शानदार वापसी करते हुए चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन और 28 वर्षीय सबालेंका को मात दी। मुकाबले का सबसे चौंकाने वाला पहलू तीसरे सेट का परिणाम रहा, जिसमें सबालेंका एक भी गेम नहीं जीत सकीं और 0-6 से हार गईं।
दूसरे सेट में 5-7 से पिछड़ने के बाद सबालेंका का आत्मविश्वास बुरी तरह प्रभावित हुआ और वह फिर मुकाबले में वापसी नहीं कर सकीं। पिछले वर्ष भी फ्रेंच ओपन के फाइनल में उन्हें कोको गॉफ के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इस बार गत चैंपियन कोको गॉफ पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो चुकी हैं। वहीं खिताब की एक अन्य मजबूत दावेदार इगा स्वियातेक भी टूर्नामेंट से विदा ले चुकी हैं।
अब सेमीफाइनल में डायना श्नाइडर का सामना पोलैंड की उभरती हुई खिलाड़ी माया चोवानिल्स्का से होगा। 24 वर्षीय माया इस वर्ष फ्रेंच ओपन की सबसे बड़ी सरप्राइज खिलाड़ी बनकर उभरी हैं। विश्व रैंकिंग में 113वें स्थान पर मौजूद माया ने क्वार्टर फाइनल में रूस की अन्ना कालिन्स्काया को 7-6, 6-3 से हराया।
माया ने अपने करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। उनकी इस उपलब्धि को फ्रेंच ओपन के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक माना जा रहा है।
उधर, पुरुष युगल वर्ग में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई। भारतीय खिलाड़ी श्रीराम बालाजी का सफर क्वार्टर फाइनल में थम गया। उन्होंने ब्राजील के मार्सेलो डेमोलिनर के साथ जोड़ी बनाकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के अंतिम आठ में पहुंचकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था।
हालांकि क्वार्टर फाइनल में उन्हें दूसरी वरीयता प्राप्त ब्रिटेन की जोड़ी हेनरी पैटन और हैरी हेलियोवारा के खिलाफ 3-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही फ्रेंच ओपन में भारतीय चुनौती का अंत हो गया, जबकि महिला वर्ग में लगातार हो रहे उलटफेरों ने टूर्नामेंट को और अधिक रोमांचक बना दिया है।