पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के खिलाफ सिलीगुड़ी के साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवायी गयी है। उनके खिलाफ चुनाव आयोग, केंद्रीय बल के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने और बांग्लादेश के एक 'राजनैतिक हत्याकांड' का उल्लेख करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलकर देश की छवि को धूमिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।
ममता बनर्जी के खिलाफ कलकत्ता हाई कोर्ट के जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच की वकील रिंकू चट्टोपाध्याय सिंह ने शिकायत दर्ज करवायी है।
उक्त वकील ने आरोप लगाया है कि हाल के दिनों में विभिन्न जनसभाओं, राजनीतिक मंचों पर अपने संबोधन के दौरान ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग जैसे देश के एक संवैधानिक संस्थान और चुनाव की जिम्मेदारी संभालने वाले केंद्रीय बलों के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिया है।
गत 2 जून को धर्मतला के धरनामंच से भी बांग्लादेश के एक राजनैतिक हत्याकांड को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री का नाम लेकर अपनी टिप्पणी दी है। इससे देश की छवि पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। इसके साथ ही दोनों देशों के कुटनैतिक रिश्तों में भी खटास आने की संभावना पैदा हो सकती है।
Read Also | चुनाव के बाद ममता बनर्जी का पहला राजनीतिक कार्यक्रम हंगामे की भेंट चढ़ा, बीच में ही रोकना पड़ा भाषण
शिकायतकर्ता का दावा है कि इस तरह के वक्तव्य देश की सार्वभौमिकता, राष्ट्रीय एकता के खिलाफ है। भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में ममता बनर्जी के खिलाफ FIR करने का दावा किया। उन्होंने इस मामले में निरपेक्ष जांच की मांग की है।
गौरतलब है कि धर्मतला के धरना मंच से ममता बनर्जी ने कहा था कि बांग्लादेश से एक बड़े खूनी को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। इसे लेकर बांग्लादेश में बड़ा हंगामा भी मचा था। दूसरे देश की बात नहीं कह रही हूं, मैं जिस प्वाएंट पर बात कर रही हूं, वे लोग मेघालय से होकर बंगाल में आते हैं।
यहां आने के बाद हमारे एसटीएफ पकड़ते हैं। होम मिनीस्टर ने खुद कहा है...इतने दिनों तक मैंने नहीं कहा, आज अत्याचार अपने चरम पर पहुंच चुका है, इसलिए बोल रही हूं। उन्होंने कहा कि आप बंगाल के पुलिस को कह दिजीए कि यह बात बाहर नहीं जाए। यह देश के लिए है। किसकी मदद से हत्या करवायी गयी थी, किसका-किसका नाम सामने आया था...मैं सब जानती हूं।
हालांकि ममता बनर्जी ने किसी खास घटना का उल्लेख नहीं किया था। लेकिन जानकारों का मानना है कि बांग्लादेश के उस्मान हादी हत्याकांड को लेकर ही उन्होंने बात की। गौरतलब है कि दिसंबर 2025 को ढाका में 32 वर्षीय उस्मान हादी को अपराधियों ने गोली मार दी थी।
बाद में बांग्लादेश के इस युवा नेता की सिंगापुर के अस्पताल में मौत हो गयी। हादी की मौत के बाद बांग्लादेश फिर से अशांत हो उठा था। कई जगहों पर आगजनी और तोड़फोड़ के मामले भी सामने आए थे।