🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

असम के विश्वनाथ में चलती कार में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला, 5 गिरफ्तार

15 वर्षीय किशोरी से महीनों तक यौन शोषण का आरोप, विश्वनाथ पुलिस ने किया खुलासा

दिसपुर : असम के विश्वनाथ जिले में एक नाबालिग किशोरी के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पिछले कई महीनों से किशोरी के साथ लगातार यौन उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

विश्वनाथ जिला पुलिस ने बुधवार को जानकारी दी कि 15 वर्षीय किशोरी को पिछले सप्ताह बचाया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसे कई महीनों तक एक चलती कार में ले जाकर बार-बार सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया गया।

विश्वनाथ जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीप्ति माली ने बताया कि किशोरी को विश्वनाथ चारियाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक स्थान पर एक कार से बरामद किया गया। स्थानीय लोगों को वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगी जिसके बाद उन्होंने कार को रोक लिया। जांच के दौरान उन्हें किशोरी वहां मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार स्थानीय निवासियों ने बताया कि किशोरी और वाहन में मौजूद अन्य लोगों को आपत्तिजनक तथा अर्धनग्न अवस्था में देखा गया था। बाद में किशोरी ने बताया कि कार में मौजूद कई पुरुषों ने उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले दो व्यक्तियों ने उसे भोजन का लालच देकर अपनी कार में बैठने के लिए कहा था। इसके बाद वाहन के भीतर कई लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के अनुसार यह सिलसिला लंबे समय तक जारी रहा।

मामले में अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके साथ ही बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के प्रावधानों के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है।

अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वही पीड़िता अभी भी मानसिक आघात की स्थिति में है। उसके परिवार के सदस्यों ने आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी और उदाहरणात्मक सजा देने की मांग की है।

Articles you may like: