विधाननगर नगर पालिका के मेयर पद से कृष्णा चक्रवर्ती ने इस्तीफा दे दिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार (4 जून) की दोपहर को उन्होंने मेयर पद से इस्तीफा दे दिया। बताया जाता है कि उन्होंने 'व्यक्तिगत कारण' का हवाला देते हुए नगर पालिका के कमिश्नर के पास इस्तीफा दिया।
सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि अपने इस्तीफा पत्र में कृष्णा चक्रवर्ती ने लिखा है कि वह मेयर के पद पर नहीं रहना चाहती हैं। इस्तीफा पत्र की एक प्रति उन्होंने राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल और विभाग की अतिरिक्त मुख्यसचिव को भेज दिया है।
विधान नगर की मेयर पद से इस्तीफा देने के बाद कृष्णा चक्रवर्ती ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया। मैं बहुत कम उम्र से ही लोगों के लिए काम करती हूं। पार्षद हूं। पार्षद के तौर पर ही काम करना चाहती हूं। राजनीति से जुड़े लोग राजनीतिक से बाहर तो नहीं रह सकते हैं।
Read Also | कोलकाता के कॉलेज में कैश कांड! स्टोर रूम से 2 सूटकेस में लाखों रुपए बरामद लेकिन...
गौरतलब है कि बुधवार (3 जून) को कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हकीम के इस्तीफे की अफवाह फैली थी। कथित तौर पर दावा किया जा रहा था कि फिरहाद हकीम ने कोलकाता के मेयर पद से इस्तीफा देने की इच्छा जतायी है जिसकी तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अनुमति भी दे दी है।
हालांकि बाद में मीडिया से हुई बातचीत में फिरहाद हकीम ने कहा कि चारों तरफ जो अफवाह फैल रही है, वह सच नहीं है। अभी तक मैंने ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है।