कोलकाता के एक कॉलेज से भारी मात्रा नगद रुपया बरामद हुआ है। खास बात है कि सभी रुपयों को दीमक ने काटकर बर्बाद कर दिया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगद रुपया दो सूटकेस में भरकर कॉलेज के स्टोर रुम में रखे हुए थे।
घटना मध्य कोलकाता में स्थित सुरेंद्रनाथ कॉलेज की बतायी जाती है। कॉलेज परिसर से नगद रुपए बरामद होने की जानकारी मिलने के बाद सनसनी फैल गयी। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
इस बारे में कोलकाता पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मानसून को ध्यान में रखते हुए सफाई कर्मी कॉलेज के पिछले हिस्से की सफाई कर रहा था। उसी दौरान शाम को करीब 5.50 बजे कॉलेज के पिछले हिस्से से दो मिट्टी से सने सूटकेस बरामद किए गए जिसमें ₹100 और ₹500 के नोट भरे हुए थे।
सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि सभी नोट को दीमक ने खराब कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मुचिपाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस बाबत कोई भी आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं करवायी गयी है।
Read Also | कोलकाता के लेक टाउन से हटायी गयी मेसी की 70 फुट ऊंची मूर्ति, तेज हवाओं के झोंके से गिरने का था खतरा
इस बरामदगी ने एक राजनीतिक विवाद को जन्म दिया जिसमें भाजपा नेताओं ने इस नकदी को कॉलेज के छात्र संघ में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जोड़ा। इस मामले में बरानगर के भाजपा विधायक सजल घोष ने आरोप लगाया कि बरामद नोटों की राशी लाखों रुपए तक हो सकती है।
साथ ही उन्होंने छात्र संघ के फंड इकट्ठा करने और धनराशी के उपयोग में बड़े पैमाने पर कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है। उन्होंने इन रुपयों के स्रोत की विस्तृत जांच की मांग की। गौर करने वाली है कि यह घटना उस समय सामने आयी जब सजल घोष ने कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर छात्र संघ निधि में कथित गबन की जांच की मांग की थी।
बैंक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया था कि छात्र संघ की सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े खातों में 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा है। भाजपा विधायक ने सवाल उठाया था कि आखिर सिर्फ छात्रों योगदान से इतनी बड़ी रकम कैसे जमा हो सकी?
Read Also | सालों की वफादारी का इनाम! उमेश राय की संघर्ष से सफलता तक की कहानी, हावड़ा के लिए किए कई बड़े वादे
वही पुलिस ने इस बारे में बताया कि सुरेंद्रनाथ कॉलेज के पिछले हिस्से से मंगलवार (2 जून) को ₹100 और ₹500 के खराब और भिंग चुके नोटों से भरे 2 सूटकेस बरामद हुए। पुलिस सूत्रों का दावा है कि नोटों से भरे दोनों सूटकेस जब बरामद हुए तब कॉलेज परिसर में सुरेंद्रनाथ डे और इवनिंग कॉलेज के प्रिंसिपल मौजूद थे।
बरसात का सीजन शुरू होने से पहले कॉलेज के पिछले हिस्से और क्लास रुम की सफाई के दौरान इन रुपयों को बरामद किया गया। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज करवाने की कोई जानकारी नहीं मिली है।