🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ट्विशा शर्मा केस में गिरिबाला सिंह ने वकील पर बेटे से मारपीट का लगाया आरोप

अनुराग श्रीवास्तव ने आरोपों को किया खारिज, सीसीटीवी जांच की मांग

By शिखा सिंह

Jun 02, 2026 18:27 IST

भोपाल : दहेज मृत्यु के कथित मामले में आरोपी और पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने मंगलवार को भोपाल की एक अदालत में आरोप लगाया किट्विशा शर्मा के पक्ष के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने जबलपुर कोर्ट में सुनवाई के दौरान उनके बेटे समर्थ सिंह के साथ शारीरिक मारपीट की थी।

यह आरोप उस समय सामने आया जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े मामले में पांच दिन की हिरासत अवधि पूरी होने के बाद समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को अदालत में पेश किया।

अदालत की कार्यवाही के दौरान गिरिबाला सिंह ने दावा किया कि जबलपुर कोर्ट में सुनवाई के समय अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने समर्थ सिंह के साथ मारपीट की। इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग श्रीवास्तव ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अदालत परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से इस दावे की सच्चाई की जांच की जा सकती है।

उन्होंने समर्थ सिंह को चुनौती देते हुए यह भी कहा कि वह यह बताएँ कि जबलपुर कोर्ट परिसर के भीतर वह आखिर कहाँ छिपे हुए थे।

सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने मामले को लेकर हो रही कथित 'मीडिया ट्रायल' पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने अदालत से कहा, “मीडिया ट्रायल बंद होना चाहिए। हम जहाँ भी जाते हैं, मीडिया हमारे पीछे-पीछे पहुँच जाती है। इसे रोका जाना चाहिए। हमारी जान को खतरा है।”

उन्होंने हाल ही में सीबीआई द्वारा कराए गए घटनास्थल पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रीक्रिएशन) को लेकर भी सवाल उठाए और प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया। गिरिबाला सिंह ने पूछा कि उन्हें उनके घर के दरवाजे तक ले जाने के बजाय तीन मकान पहले ही क्यों उतार दिया गया। साथ ही उन्होंने इस अभ्यास की वीडियो फुटेज मीडिया में प्रसारित किए जाने पर भी आपत्ति दर्ज कराई।

सीबीआई ने अदालत को बताया कि फिलहाल वह आरोपियों की न्यायिक हिरासत (ज्यूडिशियल रिमांड) की मांग कर रही है, लेकिन यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई तो आगे पुलिस रिमांड भी मांगी जा सकती है।

Articles you may like: