🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ICC ने 6 वर्ल्ड कप खेलने वाली कनाडा क्रिकेट बोर्ड को किया सस्पेंड

निलंबन की अवधि के दौरान भी कनाडा की राष्ट्रीय प्रतिनिधि टीमें ICC टूर्नामेंटों में हिस्सा लेने के लिए योग्य बनी रहेंगी।'

By लखन भारती

Jun 02, 2026 17:44 IST

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए क्रिकेट कनाडा की सदस्यता निलंबित कर दी है। क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ने यह फैसला सदस्यता से जुड़ी कुछ शर्तों का उल्लंघन करने के कारण लिया है। लेकिन बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि कनाडा की राष्ट्रीय टीम भविष्य में होने वाले किसी भी ICC टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए योग्य बनी रहेगी।

ICC ने क्या कहा ?

ICC ने अपने बयान में कहा, 'बोर्ड ने क्रिकेट कनाडा को उसकी सदस्यता से जुड़ी शर्तों का गंभीर उल्लंघन करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फ़ैसला किया है। यह फैसला लेते समय, ICC बोर्ड ने कनाडा के खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करने और यह सुनिश्चित करने की अहमियत को ध्यान में रखा कि राष्ट्रीय शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) से जुड़े प्रशासनिक मुद्दों के कारण खिलाड़ियों को किसी भी तरह का नुकसान न हो। इसलिए, निलंबन की अवधि के दौरान भी कनाडा की राष्ट्रीय प्रतिनिधि टीमें ICC टूर्नामेंटों में हिस्सा लेने के लिए योग्य बनी रहेंगी।'

भ्रष्टाचार के लगे थे आरोप

बता दें कि ICC ने यह फैसला कनाडा ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन द्वारा प्रसारित एक डॉक्यूमेंट्री के एक महीने बाद आया है। जिस डॉक्यूमेंट्री में देश के क्रिकेट प्रशासन के भीतर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। इस डॉक्यूमेंट्री ने प्रशासनिक मुद्दों पर चिंताएं खड़ी की थीं, जिनमें मैच फिक्सिंग के आरोप और कुछ खिलाड़ियों व अधिकारियों को जान से मारने की धमकियां भी शामिल थीं।

6 वर्ल्ड कप खेल चुकी है कनाडा

कनाडा की टीम पिछले दो T20 विश्व कप में हिस्सा ले चुकी है। इसके अलावा, उन्होंने चार ODI विश्व कप (1979, 2003, 2007, 2011) में भी शिरकत की है। इस देश को 1968 में ICC की सदस्यता मिली थी, जिससे पता चलता है कि एसोसिएट सदस्य बने हुए उन्हें काफी लंबा समय बीत चुका है।

ये भी उल्लेखनीय है कि कनाडा की टीम में एशियाई मूल के कई खिलाड़ी खेलते हैं, खास तौर पर भारत और पाकिस्तान से। ICC ने अब कुछ प्रशासनिक अनियमितताओं के चलते क्रिकेट कनाडा की सदस्यता छीन ली है।

सदस्यता बहाल करने के लिए रखी शर्त

ICC ने अपने बयान में यह भी कहा है कि वे क्रिकेट कनाडा की सदस्यता बहाल करने से जुड़ी कुछ शर्तें सौंपेंगे, जिनका पालन उन्हें करना होगा। ICC ने कहा, 'ICC क्रिकेट कनाडा को सदस्यता बहाली से जुड़ी कुछ शर्तें भी देगा, जिनका मकसद बोर्ड द्वारा प्रशासनिक और संगठनात्मक मुद्दों को हल करना है। इन शर्तों के पालन में हुई प्रगति पर ICC की कमेटी नजर रखेगी, जिसे ICC प्रबंधन का सहयोग मिलेगा। सदस्यता की बहाली तभी होगी, जब बोर्ड इस बात से पूरी तरह संतुष्ट हो जाएगा कि सभी शर्तों का पूरी तरह से पालन कर लिया गया है।'

क्रिकेट कनाडा ने इस फैसले को अप्रत्याशित बताया

क्रिकेट कनाडा ने एक बयान जारी कर ICC के इस फैसले को अप्रत्याशित बताया। हालांकि, उसने यह भी पुष्टि की कि वह अंतरराष्ट्रीय निर्देशों का पूरी तरह से पालन करेगा और अपने आंतरिक शासन और वित्तीय प्रशासन के पुनर्गठन की दिशा में काम करेगा।

क्रिकेट कनाडा ने एक बयान में कहा, 'यह निलंबन अप्रत्याशित था, क्योंकि न्यायविदों के नेतृत्व वाली समिति ने पहले ही अपना काम शुरू कर दिया है और उसे दो सप्ताह के भीतर अपनी अंतरिम सिफारिशें सौंपनी हैं। इसके बावजूद, क्रिकेट कनाडा ICC के फैसले का सम्मान करता है और सभी अनुपालन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

Articles you may like: