जयपुरः दौसा के रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के रामनगर रेवड़ी स्थित भैरूजी की ढाणी में 200 फीट गहरे कुएं में गिरकर गेंदी देवी की मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला द्वारा कुएं में छलांग लगाने की बात सामने आई थी, लेकिन अब पीहर पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए पति समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
2013 में हुई थी शादी
मृतका के परिजनों का आरोप है कि गेंदी देवी को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। साल 2013 में शादी हुई थी। तभी से ही ससुराल पक्ष मानसिक और शारीरिक से उत्पीड़न करता था। कई बार पंचायतें और समझौते भी हुए, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला को कुएं में धक्का मारकर हत्या कर दी गई है।
पुलिस ने मृतका के पति, सास सहित 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच महिला उप-निरीक्षक मनीषा मीणा को सौंपी गई है। मृतका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
कुएं में गिरने से मौत
सोमवार को रामनगर रेवड़ी स्थित भैरूजी की ढाणी में गेंदी देवी के 200 फीट गहरे कुएं में गिरने की सूचना मिलने पर ग्रामीण, पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची थी। रेस्क्यू अभियान के बाद महिला को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय एडिशनल एसपी विनोद कुमार सीपा, सीओ, तहसीलदार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
अब आत्महत्या और हत्या के बीच उलझे इस मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही गेंदी देवी की मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।