मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार उत्तर बंगाल के दौरे पर गए शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार (16 जून) को कार्सियांग में सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह पहाड़ पर घूमने के लिए नहीं बल्कि काम के लिए आएंगे।
सरकार से पहाड़ के लोगों को जो उम्मीद है, उसे वह पूरी करेंगे। केंद्र की योजनाओं को पहाड़ पर लागू किया जाएगा।
पहाड़ के लोगों को धन्यवाद देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पहाड़ समेत उत्तर बंगाल के विकास का रोडमैप बनेगा। केंद्र की योजनाएं पहाड़ पर पहुंचायी जाएंगी। पहाड़ देश का गर्व और बंगाल का सम्मान है। डबल इंजन की सरकार पहाड़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पहाड़ के लोगों की उम्मीदों को यह सरकार पूरी करेगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा सरकार की विभिन्न परियोजनाओं के बारे में बात की। इसके साथ ही उन्होंने जीटीए को भी आड़े हाथों लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीटीए ने शिक्षक नियुक्ति में जो भ्रष्टाचार किया है, हमारी सरकार वैसे शिक्षकों की नियुक्ति नहीं करेगी।
Read Also | केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलों पर सुदीप बंद्योपाध्याय ने लगाया विराम, काकोली का कटाक्ष
परीक्षा के माध्यम से पारदर्शिता के साथ शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। अगले कुछ महीनों में ही ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल में नियुक्ति होगी। कालिम्पोंग में मेडिकल कॉलेज, कार्शियांग में अस्पताल को अपग्रेड बनाना हमारी योजना का हिस्सा है। धीरे-धीरे हम सब करेंगे।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि रुपए वसूली, सिंडिकेट और कटमनी के दिन खत्म हो गए हैं। पहली वाली सरकार में आक्रोश था। उस समय जब भी पहाड़ के बारे में कुछ कहता था तो पूर्व मुख्यमंत्री बार-बार कहती थी कि पहाड़ से उन्हें वोट नहीं मिलता है।
वह कुछ नहीं करती थी। वह पहाड़ पर घूमने आती थी। वह बार-बार पहाड़ पर पर्यटक की तरह आती थी। लेकिन आपका भाई शुभेंदु पहाड़ पर घुमने नहीं आएगा। काम करने आएगा। जो कुछ भी कहूंगा, सोच-समझकर कहूंगा। और जो कहूंगा, वहीं काम मैं करुंगा, मेरी सरकार करेगी।
शुभेंदु अधिकारी ने आश्वासन देते हुए कहा कि पहाड़, तराई, डुअर्स के चाय बगान का विकास होगा। मुख्यमंत्री की सभा में उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक, गृह राज्यमंत्री विशाल लामा, वित्त राज्यमंत्री आनंदमय वर्मन और सांसद राजू बिस्ता मौजूद रहे। जनसभा के बाद शुभेंदु अधिकारी कार्सिंयाग में जनकल्याण शिविर में भी गए।
सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा परियोजनाओं समेत नागरिक सेवाओं से संबंधित योजना को लोगों तक पहुंचाने के लिए ही राज्य सरकार की ओर से 3 दिवसीय शिविर का आयोजन राज्य भर में किया जा रहा है। 15 जून को नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने इस शिविर का उद्घाटन किया था। आज दूसरा दिन है।