🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

सीएबी अध्यक्ष सौरव गांगुली ने ‘सौरव गांगुली फैंस’ पेज के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर

छवि खराब करने का लगाया आरोप, प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले पोस्ट पर कानूनी कार्रवाई शुरू ।

By शिखा सिंह

Jun 16, 2026 15:24 IST

कोलकाता : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कोलकाता पुलिस में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि ‘सौरव गांगुली फैंस’ नामक एक फेसबुक पेज उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। शिकायत में मीडिया प्लेटफॉर्म स्पोर्ट्सविकी का भी उल्लेख किया गया है। इस मामले में ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है।

सौरव गांगुली ने अपनी शिकायत में कहा कि संबंधित फेसबुक पेज लगातार ऐसे पोस्ट साझा कर रहा है, जिनका उद्देश्य उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करना और आम लोगों के बीच उनके बारे में नकारात्मक धारणा बनाना है।

शिकायत में गांगुली ने कहा “एक सार्वजनिक व्यक्ति होने के नाते मैं समझता हूं कि विचारों की भिन्नता और आलोचना सार्वजनिक जीवन का हिस्सा होती है। लेकिन किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से भ्रामक, मानहानिकारक और हानिकारक सामग्री का प्रसार करना स्वीकार्य नहीं है और इसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।”

उन्होंने आगे कहा कि इसलिए मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इस पेज को संचालित करने वाले व्यक्ति या समूह के खिलाफ मेरी शिकायत दर्ज की जाए और लागू कानूनों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।


सौरव गांगुली द्वारा दर्ज शिकायत Image - ANI

सौरव गांगुली अपने क्रिकेट करियर के दौरान अपनी विशिष्ट नेतृत्व क्षमता और आक्रामक कप्तानी शैली के लिए जाने जाते रहे हैं। वर्ष 1996 की गर्मियों में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसी दौरान उन्हें ‘दादा’ के नाम से पहचान मिली।

लॉर्ड्स में खेले गए अपने पहले ही टेस्ट मैच में शतक जड़कर उन्होंने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसके बाद दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने शतक बनाया और क्रिकेट इतिहास के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए, जिन्होंने अपने पहले दो टेस्ट पारियों में शतक लगाने का कारनामा किया।

वर्ष 2000 में भारतीय क्रिकेट मैच फिक्सिंग विवाद से जूझ रहा था। ऐसे कठिन समय में सौरव गांगुली को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई। उन्होंने टीम में नई प्रतिभाओं को अवसर देना शुरू किया और भारतीय क्रिकेट को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Articles you may like: