शुक्रवार की सुबह से कोलकाता के आसमान में घने काले बादलों ने अपना डेरा जमाया हुआ था। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में सुबह से ही बारिश शुरू हो चुकी है।
गुरुवार (18 जून) की रात को भी कोलकाता के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई जिसने कुछ देर के लिए उमस और भीषण गर्मी से आम लोगों को राहत पहुंचायी। तापमान में भी कुछ गिरावट महसूस हो रही है जिसकी वजह से तेज और भीषण गर्मी की परेशानी से मुक्ति मिली है।
कल यानी शनिवार को बंगाल के लगभग प्रत्येक घर में जमाई षष्टी का उत्सव मनाया जाएगा जिस दिन घर में खासतौर पर बेटी और दामाद को निमंत्रित किया जाता है। इसके अलावा रविवार की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाने वाला है जिसमें शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार कोलकाता आ रहे हैं। आइए जान लेते हैं कैसा रहेगा इस सप्ताहांत का मौसम?
Read Also | AI की मदद से मां की फोटो विकृत कर दो सहपाठियों ने स्कूली छात्र को किया ब्लैकमेल, आत्महत्या
वीकेंड में भी झमाझम होगी बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल और परसो यानी शनिवार और रविवार को सप्ताहांत में कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में तेज बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। हालांकि इस वजह से दक्षिण बंगाल के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के गिरावट होने की संभावना जतायी गयी है।
कोलकाता के आसमान में लगातार बादलों के बने रहने की वजह से चिलचिलाती धूप भी कम ही मिलेगी और बारिश होने की भी संभावना जतायी गयी है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज (19 जून) झारग्राम, पश्चिम मिदनापुर, पश्चिम बर्धमान, पुरुलिया और बांकुड़ा का तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पुर्वानुमान के मुताबिक शनिवार से राज्य के अधिकांश जिलों में वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।
इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी बहेगी। वहीं पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, हुगली, पुरुलिया, बांकुड़ा और उत्तर 24 परगना जिले में वज्रपात की आशंका अधिक है।
Read Also | साफ-सुथरा बंगाल बने पहचान, अग्निमित्रा पॉल बोलीं- ‘स्वच्छता से स्वागत’ में जनता भी बने भागीदार
इसके साथ ही उत्तर बंगाल में भी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। आज (19 जून) को उत्तर बंगाल के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका जतायी गयी है।
दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरदुआर, कुचबिहार, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में मानसूनी हवाओं के अति सक्रिय होने की जानकारी दी गयी है। बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, नीचले इलाकों में जलजमाव और नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना जतायी गयी है।