पिछले 10 सालों से घर में काम करने वाली महिला सहायिका की पहले क्रिकेट बैट से पीटकर और बाद में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप एक डॉक्टर पर लगा है। घटना दक्षिण दिल्ली के माउंट कैलाश इलाके की बतायी जाती है कि जहां उक्त डॉक्टर अपने परिवार के साथ एक सोसायटी में रहता था।
पेश से चर्मरोग विशेषज्ञ डॉक्टर मनीष गुप्ता पर अपने ही घर में काम करने वाली 45 वर्षीया महिला मीना की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
क्यों हुई हत्या?
पुलिस ने प्राथमिक तौर पर हत्या का कारण का कोई खुलासा नहीं किया है। दैनिक जागरण की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार अभियुक्त डॉक्टर डिप्रेशन का मरीज बताया जाता है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल लिया है। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने पहले मीना (मृतका) के सिर पर बैट से हमला किया और बाद में धारदार हथियार के वार से उसकी जान ले ली।
काला जादू करने का दावा
बताया जाता है कि गुरुवार (18 जून) सुबह करीब 11.36 बजे पुलिस को पीसीआर पर एक कॉल मिला जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पुलिस को मीना का खून से लथपथ शव मिला। कॉल पर बताया गया कि पास वाली बिल्डिंग की छत पर एक महिला की हत्या कर दी गयी है और महिला का शव वहीं खून से लथपथ पड़ा है।
मौके पर ही हत्याभियुक्त डॉक्टर बैठा हुआ था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक पूछताछ में मनीष गुप्ता का दावा है कि मीना उनके परिवार पर काला जादू और 'तंत्र-मंत्र' करती थी। हालांकि पुलिस को इस तरह के कोई सबूत नहीं मिले हैं। अभी तक हत्या के वास्तविक कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। हत्या में इस्तेमाल बैट और चाकू को पुलिस ने बरामद कर लिया है।