दिन के व्यस्त समय में कोलकाता मेट्रो के ब्लू लाइन पर एक बार फिर से आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। कोलकाता मेट्रो की ओर से मिली जानकारी के अनुसार महात्मा गांधी रोड (M. G. Road) मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री ने कूद कर आत्महत्या की कोशिश की।
सोमवार को दोपहर में 11.45 बजे अचानक मेट्रो ट्रेन और विभिन्न स्टेशनों के प्लेटफार्म पर घोषणा की जाने लगी कि आत्महत्या की कोशिश होने की वजह से मेट्रो सेवाएं बाधित हुई हैं। इस वजह से विभिन्न स्टेशनों पर मेट्रो एक के बाद एक अचानक रुक गयी।
बताया जाता है कि दमदम, गिरीश पार्क, मैदान से लेकर अन्य कई स्टेशनों पर ट्रेनों को रोक दिया गया और यात्रियों से ट्रेन खाली कर देने की घोषणा की जाने लगी।
कोलकाता मेट्रो रेल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार एम. जी. रोड मेट्रो स्टेशन पर सुबह करीब 11.35 बजे डाउन लाइन पर आत्महत्या की कोशिश हुई। जिस वजह से मेट्रो सेवाएं रोक दी गयी। बताया जाता है कि इस वजह से ब्लू लाइन पर मैदान से शहीद खुदीराम और दमदम से दक्षिणेश्वर के बीच मेट्रो सेवाएं बाधित हुई। तुरंत बचाव व राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
Read Also | 4 मई को बंगाल में बनेगी डबल इंजन की सरकार: मोदी
मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर 12.05 बजे से मेट्रो सेवाएं फिर से सामान्य हो गयी। हालांकि इस वजह से सप्ताह के पहले दिन एक ओर जहां मेट्रो यात्रियों और खासतौर पर ऑफिस जाने वाले यात्रियों को समस्याएं हुई। उसके साथ-साथ मेट्रो सेवाएं शुरू होने के काफी देर तक सभी मेट्रो स्टेशनों पर काफी ज्यादा भीड़ नजर आ रही थी। मेट्रो सेवाएं रुक जाने की वजह से दिन के व्यस्त समय में कोई यात्री बस तो कोई कैब अथवा ऑटो पकड़ने के लिए दौड़ता-भागता नजर आया।
गौरतलब है कि दो दिनों पहले ही ब्लू लाइन के कालीघाट मेट्रो स्टेशन पर भी आत्महत्या का मामला सामने आया था। इस वजह से करीब 20 मिनट तक मेट्रो सेवाएं रुक गयी थी। मेट्रो लाइन पिछले लंबे समय से आत्महत्या के मामलों में कमी नहीं आ रही है। इस वजह से यात्रियों की परेशानी भी कम होने का नाम नहीं ले रही है।